ऑपरेशन सिंदूर: देहरादून में निकाली गई तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा, CM धामी ने किया नेतृत्व, जानिए क्या कहा
Operation Sindoor Tiranga Shaurya Samman Yatra:भारतीय सेना के सफलतापूर्वक चलाए गए "ऑपरेशन सिंदूर" की ऐतिहासिक विजय के उपलक्ष में बुधवार को शौर्य स्थल चीड़बाग से गांधी पार्क तक भव्य तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा का आयोजन किया गया। हजारों की संख्या में आमजन, पूर्व सैनिक, युवा वर्ग एवं मातृशक्ति ने तिरंगे के साथ पद यात्रा में भाग लिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर शौर्य स्थल पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि भी दी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ऑपरेशन सिंदूर में भाग लेने वाले वीर सैनिकों, वायुसेना, नौसेना और सभी सुरक्षा बलों को नमन करते हुए कहा कि भारत ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि वह आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने में पूरी तरह सक्षम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने न केवल अपने वीर सपूतों की बहादुरी का प्रदर्शन किया, बल्कि आतंकवाद और उसके समर्थकों को यह स्पष्ट संदेश भी दिया कि नया भारत अब हर आतंकी कार्रवाई का जवाब उसी की भाषा में देगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत किसी भी आतंकी चुनौती का मुँहतोड़ जवाब देने में सक्षम है और अब देश की सीमाओं की रक्षा अत्याधुनिक स्वदेशी तकनीक से की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड वीर भूमि है, जहाँ का लगभग हर परिवार देशसेवा से जुड़ा है। उन्होंने प्रदेश के युवाओं से आह्वान किया कि वे सेना और सुरक्षा बलों के अनुशासन, शौर्य और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा लेकर आगे बढ़ें। मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक विजय के उपलक्ष्य में 'तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा' को प्रत्येक वर्ष मनाए जाने का आह्वान किया।
देहरादून में आज शौर्य सम्मान तिरंगा यात्रा का आयोजन हुआ। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर इस यात्रा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री अजय कुमार और सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी सहित हजारों लोगों ने इसमें हिस्सा लिया। यह यात्रा 14 से 23 मई तक पूरे देश में चलेगी और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को जन-जन तक पहुंचाएगी।
शौर्य स्थल चीड़बाग से शुरू हुई इस यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। तिरंगे की गौरवशाली छवि के साथ आगे बढ़ती यह यात्रा देहरादून के गांधी पार्क में समाप्त हुई, जहां सैनिकों के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर सैनिकों की वीरता और बलिदान को याद करते हुए कहा, हमारे जवानों का पराक्रम और देशभक्ति अतुलनीय है। यह यात्रा उनके सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना को समर्पित है। उन्होंने सैनिकों के सम्मान में पैदल पद यात्रा भी की। मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को हर साल मनाने का आह्वान भी किया।
शौर्य सम्मान तिरंगा यात्रा ने न केवल देहरादून में देशभक्ति की नई लहर पैदा की, बल्कि यह संदेश भी दिया कि भारत की एकता और सुरक्षा में हमारे सैनिकों का योगदान अमर है। अगले 10 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा देश के विभिन्न हिस्सों में राष्ट्रीय गौरव और सैन्य बलिदान की गाथा को प्रसारित करेगी।












Click it and Unblock the Notifications