MLA उमेश कुमार और प्रणव सिंह चैंपियन विवाद में राकेश टिकैत की एंट्री,गुर्जर समाज ने किया महापंचायत का ऐलान
MLA Umesh Kumar Pranav Singh Champion dispute: खानपुर विधायक उमेश कुमार और पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। विवाद प्रकरण में अब किसान नेता नेता राकेश टिकैत भी कूद गए हैं। राकेश टिकैत दोनों नेताओं के बीच विवाद सुलझाने का दावा कर हरिद्वार पहुंचे।
राकेश टिकैत ने पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की धर्मपत्नी रानी देवयानी से बातचीत की। इस बीच गुर्जर समाज के कई लोग मौजूद रहे। इस बीच मामले में अब गुर्जर समाज ने भी महापंचायत का ऐलान कर दिया है। गुर्जर समाज के नेता चौधरी वीरेंद्र सिंह ने ये ऐलान किया है। उन्होंने एक वीडियो भी जारी किया है।

उन्होंने कहा कि आने वाली 5 फरवरी को सभी गुर्जर समाज के लोग लंढौरा रंग महल में पहुंचे। जहां पर एक महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। उधर किसान नेता राकेश टिकैत ने हरिद्वार में कहा कि उमेश कुमार और चैंपियन विवाद प्रकरण में जिस तरह से सामाजिक राजनीति हो रही है यह बिल्कुल गलत है। उन्होंने कहा हमारा प्रयास है कि गुर्जर समाज और ब्राह्मण समाज का समझौता हो, यह लड़ाई खत्म होनी चाहिए।
किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा यह लड़ाई दो राजनीतिक हस्तियों की व्यक्तिगत लड़ाई है ना कि यह सामाजिक लड़ाई है, इसीलिए इस लड़ाई के चक्कर में समाजों में आपसी टकराव नहीं होना चाहिए। इससे पहले भी गुर्जर समाज ने 29 जनवरी को महांपचायत का ऐलान किया था। लेकिन बाद में स्थगित कर दिया गया था।
जिसके बाद भी लंढ़ोरा में लोगों की भीड़ जुटी रही। अब गुर्जर नेताओं ने प्रशासन पर वादाखिलाफी करने का आरोप लगाया है। गुर्जर समाज के लोग प्रणव सिंह चैंपियन की बेल नहीं होने से नाराज हैं। जिसके बाद एक बार फिर महापंचायत का ऐलान किया गया है।
बता दें कि, रविवार 26 जनवरी को पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन अपने समर्थकों के साथ खानपुर विधायक उमेश कुमार के कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अपने समर्थकों के साथ फायरिंग की। मामले की जानकारी मिलते ही उमेश कुमार भी अपने कार्यालय पहुंचे। जहां वे शस्त्र लहराते हुए नजर आए। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले चैंपियन फिर उमेश कुमार को हिरासत में लिया। लेकिन चैंपियन को जेल हो गई और उमेश कुमार को बेल। इसके बाद से विवाद बढ़ता जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications