महाशिवरात्रि पर्व पर हरिद्वार, उत्तरकाशी समेत शिव मंदिरों में भक्तों की जुटी भीड़, हर तरफ बम भोले की जयकारे
महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। शिव मंदिरों में रात से ही शिव भक्तों की की भीड़ उमड़ी हुई है। हरिद्वार, उत्तरकाशी, ऋषिकेश, देहरादून समेत प्रदेश के कई शिव मंदिरों में महाशिवरात्रि को लेकर भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
उत्तरकाशी के काशी विश्वनाथ मंदिर में बारिश के बावजूद भी शिवभक्तों की जल चढ़ाने के लिए रात में ही लंबी लाइन लग गई थी। दिन में भक्तों ने शिव बारात में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। हरिद्वार में लाखों की संख्या में श्रद्धालु शिवालयों में जलाभिषेक कर रहे हैं। हरिद्वार में कई दिनों से कांवड़ मेला भी चल रहा है जिसका समापन आज हो गया।

लाखों की संख्या में कांवड़िए हरिद्वार से जल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं और आज शिवालयों में जल चढ़ा रहे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि आज प्रयागराज में शिवरात्रि का बाद स्नान है वह किसी वजह से वहां नहीं जा पाए इसलिए हरिद्वार जाकर गंगा स्नान कर रहे हैं।
हरिद्वार के विभिन्न शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का जलाभिषेक करके पूजा अर्चना की हरिद्वार के प्रसिद्ध मंदिरों बिल्वकेश्वर महादेव मंदिर दक्ष प्रजापति मंदिर गौरीशंकर मंदिर नीलेश्वर मंदिर सहित विभिन्न शिवालायो में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थी। गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक करने पर भी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
जगह जगह शिवालयों में आज भजन कीर्तन के साथ ही भंडारे का आयोजन हो रहा है। देहरादून के प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव में देर रात से ही जय भोले के जयकारे के साथ भक्तों की भीड़ उमड़ी हुई है। हर कोई शिव भक्ती में लीन नजर आ रहा है। घंटो लाइन में लगकर भक्त अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। सिद्धेश्वर महादेव मंदिर बंजारावाला में भी हजारों की संख्या में भक्त भोले के दर्शन और पूजा के लिए पहुंच रहे हैं। जगह जगह शिवरात्रि पर मेले का आयोजन भी हो रहा है। जिसमें लोग बढ चढ़कर भाग ले रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications