उत्तरकाशी में मस्जिद विवाद को लेकर हुई महापंचायत, MLA टी राजा ने सीएम धामी को योगी की तरह क्या करने की दी सलाह
Uttarkashi maha panchyat: उत्तरकाशी में मस्जिद विवाद के बीच देवभूमि विचार मंच की ओर से हिंदू महापंचायत का आयोजन किया गया। जिसमें हजारों की संख्या में आजाद मैदान में नेताओं के साथ आम लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में हैदराबाद के विधायक टी राजा, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान और स्वामी दर्शन भारती भी महापंचायत में शामिल हुए।
विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि बाहरी लोगों के गांवों में प्रवेश करने से ग्रामीणों में डर का माहौल है। इसको लेकर सबको एकजुट होने की आवश्यकता है। उन्होंने उत्तरकाशी को धार्मिक नगरी घोषित करने को लेकर सबको आह्रवान किया।

हैदराबाद के विधायक टी राजा ने कहा कि मैं उत्तरकाशी और उत्तराखंड के लोगों को जगाने आया हूं कि एक हो जाओ। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सलाह दी कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ चाय पर चर्चा करें। टी राजा ने कहा कि यूपी के सीएम योगी लैंड जिहाद और अवैध कब्जा करने वालों को सबक सिखाते हैं, धामी को भी ऐसे कुछ बुलडोजर खरीदने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में लैंड जिहाद नहीं कर देंगे। उन्होंने बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री का संदेश देते हुआ कहा कि उत्तरकाशी के लोगों को महाराज जी ने संदेश और समर्थन दिया है। महापंचायत को कई हिंदूवादी संगठन के नेताओं ने संबोधित किया।
बता दें कि बीते अक्टूबर से उत्तरकाशी में मस्जिद विवाद को लेकर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। 24 अक्तूबर को मस्जिद के खिलाफ संयुक्त सनातन धर्म रक्षक संघ ने जनाक्रोश रैली निकाली थी, जिसमें पथराव और लाठीचार्ज की घटना में 9 पुलिसकर्मी सहित 27 लोग घायल हुए थे। इसके बाद से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही। मस्जिद विवाद कोर्ट तक पहुंच चुका है।
बीते दिनों देवभूमि विचार मंच ने रामलीला मैदान में महापंचायत का आयोजन करने का ऐलान किया। जिसे बीते शुक्रवार देर शाम प्रशासन ने सशर्त अनुमति दी थी। इस बीच उत्तरकाशी में एसपी भी बदला गया और सरिता डोबाल को भेजा गया। साथ ही प्रदेशभर से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और ड्रोन से निगरानी की गई। पुलिस और प्रशासन के लिए महापंचायत को सकुशल सम्पन्न कराने की चुनौती थी, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस ने राहत की सांस ली है। अब आगे हिंदू संगठनों का क्या रूख रहता है, इस पर भी सबकी निगाहें टिकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications