दिल्ली में मुहर के बाद कांग्रेस की जारी हो सकती है लिस्ट, जानिए कब और किसका पलड़ा भारी
उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटों के लिए कांग्रेस के प्रत्याशियों की घोषणा आज हो सकती है। इसको लेकर देहरादून से लेकर दिल्ली तक सियासी हलचल तेज है।

आज कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में उत्तराखंड की पांच सीटों पर प्रत्याशियों पर चर्चा होगी। माना जा रहा है कि इसके बाद कांग्रेस प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य भी शामिल होंगे।
कांग्रेस ने उत्तराखंड की पांच सीटों के लिए 42 दावेदारों में से 16 नाम फाइनल किए थे। अब इन 16 में से तीन या पांच का पैनल ही फाइनल कर केंद्रीय चुनाव समिति के सामने रखा जाएगा। जिसमें से एक नाम पर ही मुहर लगेगी
। रविवार को प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने प्रीतम सिंह के घर जाकर मुलाकात भी की। जिसके बाद एक बार फिर सियासी हलचल तेज है। प्रीतम सिंह टिहरी से चुनाव न लड़ने की बात सार्वजनिक तौर पर कर चुके हैं। माना जा रहा है कि पार्टी टिहरी से प्रीतम सिंह को ही चुनाव लड़ाना चाह रही है। ऐसे में करन माहरा और प्रीतम के बीच हुई इस मुलाकात के सियासी मायने तलाशे जा रहे हैं।
पार्टी ने पौड़ी गढ़वाल सीट पर मनीष खंडूरी को भी जगह दी थी। लेकिन अब उनके पार्टी छोड़ने के बाद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और विधायक राजेंद्र भंडारी का दावा मजबूत माना जा रहा है। इनके साथ ही वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप और महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला दावेदारों में शामिल हैं।
हरिद्वार से पूर्व सीएम हरीश रावत और प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के बीच ही मुकाबला माना जा रहा है। इसके अलावा हरक सिंह रावत और हरीश रावत के बेटे वीरेंद्र रावत के नाम भी चर्चा में हैं।
टिहरी सीट से विधायक प्रीतम सिंह सिंह, विक्रम सिंह नेगी, जोत सिंह गुनसोला की दावेदारी बताई जा रही है। नैनीताल सीट पर विधायक भुवन कापड़ी, दीपक बलूटिया, रणजीत सिंह रावत में से ही किसी एक के नाम पर मुहर लग सकती है। तो अल्मोड़ा में यशपाल आर्य व प्रदीप टम्टा ही दो विकल्प हैं।












Click it and Unblock the Notifications