MLA उमेश कुमार के कार्यालय पर फायरिंग मामले में कुंवर प्रणव चैंपियन अभी जेल में ही रहेंगे, जानिए पूरा अपडेट
Kunwar Pranav Champion controversy: खानपुर विधायक उमेश कुमार के कार्यालय पर फायरिंग के मामले में गिरफ्तार पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही हैं। चैंपियन की न्यायिक हिरासत 14 दिन और बढ़ा दी गई है। गुरुवार को उन्हें जिला अस्पताल से एंबुलेंस के जरिए कोर्ट लाया गया, जहां वे व्हीलचेयर पर पेश हुए।
फैसला आने के बाद उन्हें फिर से जिला अस्पताल ले जाया गया। बीते 15 फरवरी को जेल में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। शिकायत के बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वे अब तक उपचाराधीन हैं।

बीती 27 जनवरी को खानपुर विधायक उमेश कुमार के कार्यालय पर फायरिंग की घटना के बाद पूर्व विधायक चैंपियन को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया था। प्रारंभिक जांच के बाद उन पर हत्या के प्रयास (धारा 307) का मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया था। बीते 15 फरवरी को जेल में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। शिकायत के बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वे अब तक उपचाराधीन हैं।
इसी दौरान उनके अधिवक्ताओं ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दाखिल कर हत्या के प्रयास की धारा हटाने की मांग की थी। कोर्ट ने इस मामले में रिमांड नामंजूर करते हुए जांच सीओ स्तर के अधिकारी से कराने का आदेश दिया था। जांच के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा हटाकर गैर इरादतन हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी।
गुरुवार को कोर्ट में इसी आधार पर चार्जशीट दाखिल की गई। इसके साथ ही, चैंपियन को पेश करने के लिए अस्पताल से एक मेडिकल टीम एंबुलेंस में उन्हें कोर्ट लेकर आई। व्हीलचेयर के सहारे उन्हें कोर्ट रूम तक पहुंचाया गया, जहां सुनवाई के बाद उनकी न्यायिक हिरासत 14 दिन के लिए और बढ़ा दी गई। इसके बाद उन्हें दोबारा जिला अस्पताल भेज दिया गया।
उधर जानकारों का मानना है कि गंभीर धाराओं में बदलाव होने के बाद चैंपियन को कोर्ट से राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। उनके अधिवक्ता शुक्रवार को जमानत याचिका दाखिल करेंगे। अगर कोर्ट से जमानत मंजूर हो जाती है, तो चैंपियन जल्द ही जेल से बाहर आ सकते हैं। अब यह देखना होगा कि अभियोजन पक्ष इस याचिका का किस तरह विरोध करता है और कोर्ट इस पर क्या फैसला सुनाता है।












Click it and Unblock the Notifications