दुल्हन को लेकर लौट रही बारातियों की गाड़ी खाई में गिरी,दुल्हे की मौसेरी बहन समेत तीन की मौत,10 घायल
kotdwar accident उत्तराखंड के कोटद्वार में बड़ा हादसा हो गया। दुल्हन को लेकर लौट रहे बाराती की गाड़ी 200 फुट गहरी खाई में गिर गई। वाहन में चालक समेत 15 लोग सवार थे। इनमें तीन बारातियों की मौत हो गई। जबकि 10 लोग गंभीर घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे की खबर लगते ही बसड़ा और गुनियाल गांव में मातम पसर गया। दुल्हा दुल्हन तो सुरक्षित पहुंच गए लेकिन तीन बारातियों की मौत की खबर से कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही लैंसडोन विधायक दिलीप रावत और कोटद्वार विधायक एवं स्पीकर ऋतु खंडूरी भूषण भी अस्पताल पहुंचे लेकिन दोनों को परिजनों के गुस्से का सामना करना पड़ा।

घटना लैंसडोन तहसील क्षेत्र की है। गुनियाल गांव निवासी रोहित गुसाईं की शुक्रवार को शादी थी। जो कि बसड़ा गांव से हुई। शाम को दुल्हन की विदाई हुई। इसी दौरान बरातियों से भरी मैक्स जीप सिसल्डी-सिलवाड़ मोटर मार्ग पर नौगांव के पास खाई में जा गिरी। सूचना पर पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ मौके पर पहुंचा और तुरंत रेस्क्यू चलाया।
इससे पहले हादसे की खबर सुनते ही गांव से लोग घटनास्थल पर पहुंचे और खाई में उतरकर रेस्क्यू शुरू किया। हादसे में तीन बरातियों दुल्हे की मौसेरी बहन नूतन (35), मुकेश सिंह (35), धीरज सिंह (65) निवासी गुनियाल की मौत हो गई। जबकि 10 लोग घायल हैं।
घायलों को उपचार के लिए बेस अस्पताल कोटद्वार में भर्ती कराया गया है। वाहन में दो बच्चे भी थे। दोनों बच्चे सुरक्षित हैं। बताया जा रहा है कि कच्ची सड़क के कारण हादसा हो गया। ग्रामीणों और परिजनों ने बदहाल सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जमकर हंगामा भी किया। लोगों का आरोप था कि एंबुलेंस भी काफी देरी से पहुंची।
हादसे के बाद विधायक दिलीप रावत तुरंत अस्पताल पहुंचे और घायलों को पहुंचाने में मदद की। इस बीच स्पीकर ऋतु खंडूरी भूषण भी पहुंची लेकिन लोगों ने स्पीकर के सामने ही विरोध करना शुरू कर दिया। जिसको काफी समझाने के बाद ही शांत हुए।












Click it and Unblock the Notifications