उत्तराखंड में छात्र संघ चुनावों में जानिए किसका बजा डंका, सबसे बड़े कॉलेज में टूटा 14 सालों का रिकॉर्ड
उत्तराखंड के 120 शासकीय और अशासकीय महाविद्यालयों के साथ कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल, एसएसजे विश्वविद्यालय अल्मोड़ा, श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय टिहरी में आज छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान सम्पन्न हुआ। देर रात तक लगभग सभी परिणाम घोषित किए गए।

उत्तराखंड में छात्रसंघ चुनाव में देर रात तक आए परिणामों में 56 अध्यक्ष,46 महासचिव सहित 327 पदों पर एबीवीपी ने जीत का परचम फहराया है। हालांकि देहरादून के सबसे बड़े डिग्री कॉलेज डीएवी में 14 साल बाद एबीवीपी का किला ढहाते हुए आर्यन ने जीत दर्ज की। महासचिव पर पहली बार डीएवी के सुमित कुमार निर्विरोध चुनाव जीत गए।
छात्र राजनीति के जरिए राजनीति की मुख्य धारा में आने के लिए हर छात्र नेता उत्सुक नजर आते हैं। इसके लिए कॉलेजों में होने वाले छात्र संघ चुनावों में पूरा जोर आजमाइश किया जाता है। एबीवीपी और एनएसयूआई समेत कई छात्र संगठन इस चुनाव में अपने प्रत्याशी को मैदान में उतारकर अपना दबदबा कायम रखना चाहते हैं।
एबीवीपी भाजपा की छात्र संगठन इकाई, जबकि एनएसयूआई कांग्रेस की इकाई है। ऐसे में छात्र संघ चुनावों से भाजपा और कांग्रेस भी किसी न किसी तरह से सक्रिय नजर आती है। जिसके लिए राजनीतिक दल भी पूरा जोर लगाते हैं। लोकसभा चुनाव से पहले हुए छात्र संघ चुनाव के जरिए एबीवीपी की जीत से भाजपा को संजीवनी जरुर मिल गई है।
राजधानी के सबसे बड़े डीएवी कॉलेज में अध्यक्ष पद पर आर्यन संगठन के सिद्धार्थ ने बाजी मारी। एबीवीपी के सुमित ने महासचिव, कोषाध्यक्ष पर जागृति गुसांई और चंद्रशेखर ने सह सचिव पद पर कब्जा किया। उपाध्यक्ष पद पर दिवाकर ग्रुप के अनुज शाह ने बाजी मारी। विवि प्रतिनिधि पद पर शालिनी भंडारी ने भी जीत दर्ज की।
एसजीआरआर कॉलेज में भी एबीवीपी का कब्जा रहा। अध्यक्ष पद पर 551 मत से चंदन सिंह नेगी और महासचिव पद पर 647 मत से नीरज रतूड़ी ने जीत हासिल की। देहरादून के एमकेपी कॉलेज में सभी पदों पर एबीवीपी की जीत हुई। एमकेपी कॉलेज छात्राओं का कॉलेज है। यहां एनएसयूआई का प्रत्याशी मैदान में नहीं था।
शहीद दुर्गा मल पीजी कॉलेज डोईवाला में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद को अध्यक्ष समेत पांच सीटों पर जीत मिली है। महासचिव पद पर आजाद ग्रुप ने कब्जा जमाया है।
पंडित ललित मोहन शर्मा श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय परिसर ऋषिकेश में छात्र संघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी हिमांशु जाटव ने अपने प्रतिद्वंदी एनएसयूआई प्रत्याशी रोहित नेगी को 140 वोट से हरा दिया। वहीं एबीवीपी के प्रत्याशी अनिरुद्ध शर्मा तीसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा उपाध्यक्ष पद पर एबीवीपी की निहारिका, सचिव पद पर आर्यन के माधवेंद्र मिश्र, सहसचिव पद पर वंदेमारतम के राहुल गौतम, कोषाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की साक्षी रांगड़ और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर वंदेमातरम ग्रुप के विपिन तिवारी विजयी हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications