जानिए कौन है अंडरवर्ल्ड डॉन प्रकाश पांडेय उर्फ पीपी पांडे, पहले जेल में बना संत अब हो गई ये बड़ी कार्रवाई
Underworld don Prakash Pandey PP Pandey NEWS उत्तराखंड के अल्मोड़ा जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर अंडरवर्ल्ड डॉन प्रकाश पांडेय उर्फ पीपी पांडे को जूना अखाड़े से बर्खास्त कर दिया गया है। पीपी पांडे को अल्मोड़ा जेल में पिछले दिनों दीक्षा दी गई थी। पीपी को श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा ने जांच कमेटी की रिपोर्ट के बाद अखाड़े से बर्खास्त किया गया है।
अल्मोड़ा जेल में कुछ संतों की ओर से पांडे को दीक्षा देने का मामला तूल पकड़ रहा था। जिसके बाद जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक हरि गिरि महाराज ने जांच कमेटी गठित की थी। जूना अखाड़े के अंतर्राष्ट्रीय संरक्षक श्रीमहंत हरिगिरी ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेम गिरी की अध्यक्षता में जांच कमेटी का गठन किया गया था।

दशहरा तक जांच पूरी करने का समय दिया गया था। जूना अखाड़ा की जांच पूरी होने के बाद प्रकाश पांडे उर्फ पीपी को बर्खास्त कर दिया गया है। कहा कि जेल में प्रकाश पांडेय को दीक्षा देने वाले संत फर्जी संत थे। बता दें कि शासन ने भी इस मामले में जांच बैठाई है।
कौन है अंडरवर्ल्ड डॉन प्रकाश पांडेय
जेल में बंद अंडरवर्ल्ड डॉन प्रकाश पांडेय उर्फ पीपी पांडे को गुपचुप तरीके से जेल में दीक्षा देकर मठों का उत्तराधिकारी घोषित किया गया था। अल्मोड़ा के रानीखेत स्थित खनौइया गांव निवासी प्रकाश पांडे उर्फ पीपी कभी छोटा राजन का दाहिना हाथ हुआ करता था और उसके बाद खुद अपना गिरोह बनाया। प्रकाश पांडेय पर हत्या और फिरौती जैसे मामले चल रहे हैं।
उम्रकैद की सजा काट रहा
जो कि इन दिनों अल्मोड़ा जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा है। 14 साल पहले विदेश से गिरफ्तारी के बाद से प्रकाश पांडे उम्रकैद की सजा काट रहा है। छोटा राजन गैंग में शामिल रहे प्रकाश का नाम दर्जनों हत्याओं, फिरौती, अपहरण में आ चुका है।
शाहरुख खान से भी मांग चुका है रंगदारी
फिल्म सुपरस्टार शाहरुख खान से रंगदारी मांगने वाले प्रकाश पांडे उर्फ पीपी उर्फ बंटी पांडे को वियतनाम से गिरफ्तार किया गया था। पिछले साल अगस्त में पौड़ी जेल से पीपी को हरिद्वार जिला जेल शिफ्ट किया गया। इसके बाद कुछ माह पूर्व उसे अल्मोड़ा जेल स्थानांतरित कर दिया गया। हाल ही में कुछ तथाकथित संतों द्वारा उसको जेल के अंदर ही गुरु दीक्षा देकर अखाड़े में शामिल करने का दावा किया गया।












Click it and Unblock the Notifications