जानिए कौन है मोहम्मद दीपक, जिन्हें राहुल गांधी ने घर बुलाकर लगाया गले, क्यों और क्या हुई बात
Mohammad Deepak Rahul Gandhi उत्तराखंड के कोटद्वार में हुए बाबा दुकान विवाद को लेकर चर्चाओं में आए 'मोहम्मद दीपक' ने दिल्ली में कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। राहुल ने दीपक को गले लगाया और जमकर तारीफ की। इस दौरान उत्तराखंड के कई युवा नेता भी मौजूद रहे।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया के जरिए दीपक के साथ फोटो शेयर की और लिखा कि हर इंसान, एक समान। यही है भारतीयता, यही है मोहब्बत की दुकान। उत्तराखंड के भाई 'मोहम्मद दीपक' से मुलाकात एकता और साहस की ऐसी ही लौ हर भारतीय युवा में जलनी चाहिए।

अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संचार विभाग के सचिव वैभव वालिया ने बताया कि कोटद्वार के दीपक ने नेता विपक्ष राहुल गांधी से आज नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। इस अवसर पर वैभव वालिया ने कहा कि भारतीय राजनीति में संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों का एक प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कोटद्वार (उत्तराखंड) के दीपक कुमार को अपने आवास पर आमंत्रित कर उनसे आत्मीय मुलाकात की।
दीपक कुमार जो अपने मानवीय कार्यों और इंसानियत की मिसाल के रूप में देशभर में पहचान बना चुके हैं, से राहुल गांधी ने स्नेहपूर्ण संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। यह मुलाकात केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि समाज में मानवता, करुणा और सेवा भाव की भावना का सम्मान है। कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव उन लोगों के साथ खड़ी है जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रहे हैं।
दीपक ने मीडिया को बताया कि राहुल गांधी ने उनके काम की सराहना करते हुए कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है और उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया। दीपक ने दावा किया कि राहुल गांधी जल्द उनके जिम की मेंबरशिप भी लेंगे। मोहम्मद दीपक कोटद्वार में एक जिम का संचालन करते हैं। उन्होंने यहां सोनिया गांधी से भी मुलाकात की। बता दें कि बीते 26 जनवरी को कोटद्वार में एक मुस्लिम समाज के बुजुर्ग की दुकान का नाम बाबा होने पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया और नाम बदलने की मांग की।
इसी दौरान जब विवाद चल रहा था तो जिम ट्रेनर दीपक कुमार ने स्वयं को मोहम्मद दीपक बताकर बुजुर्ग दुकानदार का साथ दिया और उनके समर्थन में सामने आए। जिसके बाद दीपक को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ता भड़क गए और कोटद्वार में जमकर बवाल हुआ। दीपक की सोशल मीडिया से लेकर हर तरफ चर्चा हुई। उन्हें सोशल मीडिया में हीरो तक बताया जाने लगा। हर कोई दीपक से मिलने कोटद्वार तक पहुंचने लगे। दीपक के वीडियो भी जमकर वायरल हुए। कई संगठनों ने दीपक को सम्मानित करने की घोषणा की है। झारखंड सरकार ने दो लाख रुपए देने की घोषणा की। राहुल गांधी ने उस समय भी मोहम्मद दीपक की जमकर तारीफ की थी।











Click it and Unblock the Notifications