जानिए कौन हैं IPS तृप्ति भट्ट, पहला वर्चुअल पुलिस स्टेशन शुरू करने के बाद अब इस अभिनव पहल को लेकर हो रही चर्चा
IPS Tripti Bhatt उत्तराखंड की आईपीएस तृप्ति भट्ट ने एक नई पहल करते हुए बदरीनाथ थाने को गोद लिया है। जिससे थाने में संसाधनों को बेहतर किया जा सके और सुविधाएं बढ़ाने के साथ ही विकसित किया जा सके। आदर्श थाना बनाने के अभिनव पहल के साथ ही तृप्ति भट्ट ने ये कदम उठाया है।
वर्तमान में तृप्ति भट्ट 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार की सेनानायक की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। तृप्ति भट्ट की पहली नियुक्ति वर्ष 2017 से 2019 तक एसपी के पद पर चमोली जिले में हुई थी। इस दौरान उन्होंने पुलिस कल्याण और कार्यप्रणाली में सुधार के लिए कई कार्य किए, इनमें राज्य का पहला वर्चुअल पुलिस स्टेशन शुरू करना उनकी एक प्रमुख और अभिनव पहल रही थी। जिसके बाद से वह चर्चा में आ गईं।

इस बीच आईपीएस तृप्ति भट्ट ने बदरीनाथ पहुंचकर बदरी विशाल के दर्शन किए और बदरीनाथ थाने का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने थाने में वर्तमान व्यवस्थाएं, मौजूद कमियों, क्राइम ग्राफ, सुरक्षा प्रबंधन और अन्य जरूरी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। सेनानायक तृप्ति भट्ट ने बदरीनाथ मंदिर सुरक्षा में तैनात एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) के जवानों को भी ब्रीफ कर आवश्यक निर्देश जारी किए।
आईपीएस तृप्ति भट्ट के बारे में
उत्तराखंड के अल्मोड़ा की रहने वाली तृप्ति भट्ट को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के काबिल अफसरो में गिना जाता है। आईपीएस अफसर बनने का जुनून तृप्ति के अंदर इस तरह रहा कि उन्होंने इसके लिए 16 सरकारी नौकरी तक छोड़ दी। तृप्ति भट्ट भाई-बहनों में सबसे बड़ी हैं। इन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा बेर्शेबा उच्च माध्यमिक विद्यालय अल्मोड़ा उत्तराखंड से पाई। 12वीं की पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय से की।
पंतनगर विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग में स्नातक करने के बाद नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन (एनटीपीसी) में सहायक प्रबंधक के रूप में काम किया। तृप्ति भट्ट ने यूपीएससी परीक्षा क्रैक करने से पहले भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) सहित 16 सरकारी नौकरी के प्रस्तावों को ठुकराया था। इसके अलावा देश की कई नामचीन कंपनियों में नौकरी मिलने के बाद भी वह सिविल सेवा की तैयारी में जुटी रही।
तृप्ति भट्ट ने साल 2013 में संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा पास की। अपने पहले ही प्रयास में तृप्ति भट्ट ने AIR 165 हासिल की थी। बतौर आईपीएस इनको उत्तराखंड कैडर मिला। तृप्ति भट्ट की सर्विस देहरादून में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में शुरू हुई। इसके बाद पहाड़ों में कई जिलों के कप्तान के तौर पर भी सेवाएं दे चुकी हैं। वर्तमान में वह 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार की सेनानायक की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। तृप्ति ने खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।












Click it and Unblock the Notifications