Kedarnath yatra: बाबा केदार के दर्शन के लिए हो जाएं तैयार, जानिए कब से कब तक और कैसे कर सकते हैं यात्रा
Kedarnath yatra: केदारनाथ यात्रा के दूसरे चरण के लिए सरकार और प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज हो गई हैं। ऐसे में अगर आप भी केदारनाथ यात्रा की प्लानिंग कर रहे हैं तो तैयार हो जाइए। केदारनाथ का दूसरा चरण सात सितंबर से तीन नवंबर तक संचालित होगा। इस दौरान पैदल या हवाई मार्ग दोनों तरह से आसानी से यात्रा की जा सकती है।
आने वाले दिनों में मौसम का भी साथ मिल जाएगा। ऐसे में यात्रा के लिए सबसे उपयुक्त समय सितंबर के दूसरे सप्ताह से नवंबर के पहले सप्ताह तक रहेगा। इस बीच एक बार फिर यात्रा में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल सकता है। जुलाई में हुई भारी बारिश ये यात्रा मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था।

अब पैदल मार्गों को दुरस्त कर दिया गया है। फिलहाल पैदल मार्ग में 10 स्थानों पर विशेषकर जहां झरने थे, वहां मार्ग सिमट कर छोटा हो गया। वहां हमारी आपदा प्रबंधन की टीमों को विशेष रूप से सक्रिय रखा गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक बाबा केदारनाथ की यात्रा में 11 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। ऐसे में अगले दो माह में रिकॉर्ड श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच सकते हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि इस बीच पांच लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच सकते हैं।
अक्टूबर तक हेलीकॉप्टर की बुकिंग फुल चल रही है। श्रद्धालु पैदल मार्ग, घोड़े-खच्चर और डंडी-कंडी से यात्रा करने लगे हैं। वर्तमान में 12 बजे के बाद किसी भी यात्री को केदारनाथ नहीं भेजा जा रहा है। चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में दर्शन करने के लिए प्रतिदिन ऑनलाइन माध्यम से औसतन पांच हजार पंजीकरण हो रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि मानसून सीजन खत्म होने के बाद 15 सितंबर के बाद फिर से यात्रा रफ्तार पकड़ेगी।
अब तक 33 लाख से ज्यादा तीर्थयात्री चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं। चारधाम यात्रा शुरू होने से लेकर अब तक 56 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण कराया है। इसमें 33 लाख यात्री बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन कर चुके हैं। अब नवंबर तक यात्रा का संचालन होना है। इन दिनों बारिश से जगह जगह लैंडस्लाइड की घटना हो रही है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications