Kedarnath by election: टिकट को लेकर भाजपा में दावेदारों ने बढ़ाई मुश्किल,कहां अटका मामला,जानिए क्या है रणनीति
Kedarnath by election 2024: केदारनाथ उपचुनाव में प्रत्याशी चयन को लेकर भाजपा भी मुश्किल में पड़ती हुई नजर आ रही है। दावेदारों की सोशल मीडिया पोस्ट और सियासी वॉर जिस तरह से खुलकर सामने आई है, उससे भाजपा के अंदर भी घमासान मचा हुआ है।
बताया जा रहा है कि भाजपा हाईकमान इसको लेकर काफी गंभीर है। साथ ही दावेदारों से इस तरह टिकट से पहले किसी तरह के विवाद से बचने की हिदायत दी गई है। बीते दिनों केदारनाथ से प्रबल दावेदार दिवंगत विधायक शैलारानी रावत की बेटी ऐश्वर्या रावत की एक पोस्ट से भाजपा के अंदर हलचल मच गई।

फेसबुक के जरिए दूसरे दावेदारों पर कमेंट किए गए। जिसके वायरल होते ही ऐश्वर्या रावत भी एक्शन में आ गई। ऐश्वर्या रावत ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि उनके नाम से फेसबुक पर एक आईडी का संचालन हो रहा है। जो कि उनकी अनुमति के बिना इस तरह की पोस्ट शेयर कर रहे हैं जिससे उनकी छवि धूमल हो। उन्होंने इसकी पुलिस से शिकायत भी की है।
भाजपा ने इस घटनाक्रम को गंभीरता से लिया है। उधर भाजपा के दूसरे दावेदार कुलदीप रावत को लेकर भी पार्टी के अंदर कई तरह की चर्चा है। माना जा रहा है कि कुछ दावेदार टिकट न मिलने पर निर्दलीय लड़ने की मंशा भी जाहिर कर चुके हैं। ऐसे में भाजपा इस मामले को डेमेज कंट्रोल करने में जुट गई है। इसके लिए पार्टी ने नई रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है।
जिसके तहत भाजपा 29 अक्टूबर को ही प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर सकती है, जिससे दूसरे दावेदारों को अंतिम समय में विरोध करने का समय न मिल सके और समय रहते डेमेज कंट्रोल किया जा सके। भाजपा में केदारनाथ सीट से तीन दावेदार ही प्रमुख माने जा रहे हैं। जिनमें पूर्व विधायक आशा नौटियाल, ऐश्वर्या रावत और कुलदीप रावत का नाम चर्चा में है। हालांकि भाजपा ने जब तक अपने पत्ते नहीं खोले तब तक कुछ भी कह पाना मुश्किल होगा।












Click it and Unblock the Notifications