'...कांग्रेस में जिन्ना की आत्मा घुस गई है', हिजाब विवाद पर बहुत कुछ बोल गए हिमंत बिस्वा सरमा, देखिए
देहरादून, 11 फरवरी: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कर्नाटक हिजाब विवाद को लेकर कांग्रेस पर काफी संगीन आरोप लगाए हैं। वे विधानसभा चुनाव प्रचार के सिलसिले में अभी उत्तराखंड में हैं और उन्होंने यहां तक कह दिया है कि उन्हें लगता है कि जैसे 'कांग्रेस में जिन्ना की आत्मा घुस गई है।' उन्होंने कल भी राहुल गांधी के गुजरात से पश्चिम बंगाल तक भारत होने वाले ट्वीट पर जोरदार प्रहार किया था और कहा था कि उन्होंने तो उत्तर पूर्व को छोड़ ही दिया। उनका आरोप है कि हिजाब अगर इतना जरूरी था, तो तीन साल पहले यह मुद्दा क्यों नहीं उठा। उन्होंने साफ तौर पर इसके पीछे कांग्रेस का हाथ बताते हुए आरोप लगाया कि इसी वजह से सुप्रीम कोर्ट और कर्नाटक हाई कोर्ट में हिजाब के पक्ष में कांग्रेस ने अपने वकीलों को उतार दिया है।

'...कांग्रेस में जिन्ना की आत्मा घुस गई है'
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस देश को फिर से तोड़ने की कोशिशों में लगी हुई है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संसद में दिए गए भाषण का हवाला देते हुए कहा कि 'कभी वे कहते हैं कि भारत एक राष्ट्र नहीं है, बल्कि यूनियन ऑफ स्टेट्स है। यह सब सुनकर लगता है कि क्या कांग्रेस के अंदर जिन्ना की आत्मा घुस गई है। उनकी ध्रुवीकरण की राजनीति का खत्म होना ही सही है। मैं सोचता हूं कि पांच राज्यों के चुनाव के बाद यह काफी हद तक खत्म हो जाएगी।' उन्होंने यह भी कहा कि 'यूनियन ऑफ स्टेट होने का क्या मतलब है, क्या कोई राज्य इस संघ में से निकल भी सकता है क्या।'

'1947 से पहले वाला हालात पैदा करना चाहती है कांग्रेस'
कर्नाटक हिजाब विवाद पर चिंता जाहिर करते हुए हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा 'कर्नाटक की घटनाओं की वजह से देश अभी बहुत ही संकट के दौर से गुजर रहा है। कांग्रेस जिस तरह से देश को तोड़ना चाहती है वह बहुत ही चिंताजनक है.....यह टुकड़े-टुकड़े गैंग की अगुवाई कर रही है.....उनका सिर्फ एक ही लक्ष्य रह गया है....उसी तरह के हालात पैदा करना चाहती है, जो 1947 से पहले था।' उन्होंने कहा कि 'वह कहते हैं कि मदरसा खोलना अधिकार है, मुस्लिम यूनिवर्सिटी खोलना अधिकार है, वो यह भी कहते हैं कि हिजाब पहनना भी अधिकार है। '
Recommended Video
'राजनीतिक इस्लाम कांग्रेस प्रायोजित है'
सरमा बोले कि 'अभी जो कर्नाटक में हो रहा है,वह ज्ञान का मसला नहीं है, ज्ञान मंदिर में धर्म का मसला घुस गया है। अगर हिजाब पहनेंगी तो टीचर को कैसे पता चलेगा कि स्टूडेंट समझ रही है या नहीं ? 3 साल पहले तो किसी ने नहीं कहा था कि वो हिजाब पहनना चाहती हैं? हिजाब के मामला में कोर्ट में केस होता है और सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट में कांग्रेस का वकील ही खड़ा होता है हिजाब के पक्ष में। यह देश को तोड़ने का एक षड़यंत्र है। अभी मुसलमान समाज को सबसे ज्यादा जरूरत है तो शिक्षा की जरूरत है, हिजाब की जरूरत नहीं है। मुस्लिम बेटियों को डॉक्टर बनने की जरूरत है, इंजीनियर बनने की जरूरत है। उनके लिए हिजाब जरूरत नहीं है। राजनीतिक इस्लाम कांग्रेस प्रायोजित है।'
'राहुल गांधी तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं'
असम के मुख्यमंत्री के मुताबिक 'मोदी जी भारत को वर्ल्ड लीडर बनाने की बात करते हैं, लेकिन बाकी हिजाब की बात करते हैं.....कांग्रेस ने भारत की कोविड वैक्सीन पर सवाल किया। राहुल गांधी यहां तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं, उन्हें देश से मतलब नहीं है। पीएम मोदी देश के लिए जीते हैं। '












Click it and Unblock the Notifications