उत्तराखंड में AAP ने आधी आबादी पर किया फोकस, संंवाद और रजिस्ट्रेशन से भाजपा, कांग्रेस को दे रहे टेंशन
आप ने सरकार आने पर हर महिला को एक हजार रुपए देने का किया है वादा
देहरादून, 25 दिसंबर। उत्तराखंड में कांग्रेस और भाजपा के बाद आम आदमी पार्टी ने भी महिला वोटर को रिझाने में जुट गई है। आम आदमी पार्टी ने महिलाओं से संवाद के जरिए अपनी चौथी गारंटी के लिए रजिस्ट्रेशन करना शुरू कर दिया है। आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड में सरकार आने पर महिलाओं को प्रति माह एक हजार रुपए देने का वादा किया है। इस तरह अब आम आदमी पार्टी आधी आबादी को अपने पक्ष में करने के लिए नई रणनीति पर फोकस कर रहा है।

आप की चौथी गारंटी महिलाओं के लिए
पहली बार उत्तराखंड चुनाव में किस्मत आजमा रही आम आदमी पार्टी धीरे-धीरे सभी मुद्दों को छूने की कोशिश में जुटी है। बिजली, रोजगार, तीर्थ यात्रा के अलावा महिलाओं को प्रति माह एक हजार रूपए देने का वादा कर आप ने उत्तराखंड में भाजपा, कांग्रेस को टक्कर देने की कोशिश में जुटी है। 21 साल से उत्तराखंड में भाजपा और कांग्रेस रोजगार, पलायन जैसे मुद्दों पर चुनाव मैदान में उतरती रही है, लेकिन इस बार आम आदमी पार्टी के मैदान में आ जाने से चुनावी मुद्दे बदल गए हैं। ऊर्जा प्रदेश में पहली बार मुफ्त बिजली का वादा लेकर आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड में धमाकेदार एंट्री मारी। हालांकि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, आप के मुद्दे भाजपा, कांग्रेस को मुश्किल में तो डाल रहे हैं, लेकिन जनता के बीच आप की पकड़ भाजपा, कांग्रेस को टक्कर दे, ऐसा लगता नहीं है। अब आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड में आधी आबादी पर फोकस किया है। चुनावों में आधी आबादी यानि महिला वोटर ही चुनाव की जीत का रास्ता तय करती आ रही है। इतना ही नहीं महिला वोटर हमेशा साइलेंट वोटर मानी जाती है, जो कि चुनाव में अहम निर्णायक रही हैं। आम आदमी पार्टी ने महिलाओं के साथ संवाद के जरिए अपना विजन रखना शुरू कर दिया है। अभियान के तहत प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर महिलाओं से संवाद कर उन्हें केजरीवाल की चौथी गारंटी 'महिलाओं को प्रति माह एक हजार रुपये मिलेंगे' के बारे में जानकारी दी जा रही है। साथ ही महिलाओं का पंजीकरण भी किया जा रहा है। इस अभियान के तहत प्रदेश भर में 350 मातृशक्ति संवाद कार्यक्रम होंगे। आम आदमी पार्टी का दावा है कि गारंटी का रजिस्ट्रेशन के पीछे जनता को ये विश्वास दिलाना है कि सरकार आने के बाद वे अपने चुनावी वादे से पीछे नहीं हटने वाले हैं। आम आदमी पार्टी 24 दिसबंर से पूरे प्रदेश में सशक्त महिला, समृद्ध उत्तराखंड अभियान की शुरूआत की है। 24 दिसंबर से शुरू हुए इस अभियान में 10 दिन तक पूरे प्रदेश में 350 से मातृशक्ति संवाद कार्यक्रम होंगे। जिसमें दिल्ली से अतिशी, गीता रावत और वंदना कुमारी विशेष रूप से शामिल हो रही हैं। शुक्रवार को हल्द्वानी और काशीपुर में महिलाओं से संवाद किया गया। 25 दिसंबर को राजपुर, कैंट, विकासनगर और सहसपुर में 26 दिसंबर को रायपुर, मसूरी और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में महिला संवाद कार्यक्रम की रणनीति तैयार की गई।
सत्ता तक पहुंचाने में आधी आबादी जरुरी
उत्तराखंड में इस बार राजनीतिक दल युवा और महिलाओं पर फोकस कर रहे हैं। इसका प्रमुख कारण युवा और महिला वोटरों की खासा तादात होना है। आकंड़ों पर गौर करें तो इस बार प्रदेश में अभी तक की जानकारी के अनुसार 78 लाख 46 हजार मतदाता हैं। इनमें 40 लाख 87 हजार 18 पुरुष और 37 लाख 58 हजार 730 महिला मतदाता हैं। उत्तराखंड चुनाव में महिला फेक्टर उत्तर प्रदेश से शुरू हुआ जब कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी में 40 परसेंट सीटों पर महिलाओं को प्राथमिकता देने का दावा किया। इसके बाद उत्तराखंड में भी महिला मोर्चा सक्रिय हो गया। जिसके बाद भाजपा और कांग्रेस में महिलाओं को ज्यादा टिकट देने के दावे शुरू हो गए हैं। आम आदमी पार्टी ने एक कदम आगे बढ़ाते हुए चौथी गारंटी में हर परिवार की महिला सदस्य को एक हजार रुपए देने का वादा कर भाजपा, कांग्रेस के लिए चुनौती खड़ी की है।












Click it and Unblock the Notifications