छुट्टी पर मसूरी घूमने का बना रहे हैं प्लान, तो ये खबर जरुर पढ़ें, इन नियमों का करना होगा पालन
मसूरी में पुलिस की नई पहल, शटल सर्विस पर फोकस
देहरादून, 29 अप्रैल। गर्मी बढ़ने के साथ ही देहरादून के आसपास के इलाकों में पर्यटकों की आवाजाही बढ़नी शुरू हो गई है। ऐसे में सबसे बड़ी चुनौती पुलिस प्रशासन के लिए जाम के झाम से बचने का है। जो कि मसूरी के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। ऐसे में देहरादून पुलिस ने मसूरी की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए नई प्लानिंग की है। बड़े वाहनों से मसूरी आने वाले पर्यटक अब सीधे होटल नहीं जा सकेंगे। वाहन किंग्रेग स्थित बहुमंजिला पार्किंग में पार्क करने के बाद शटल सर्विस के जरिए उन्हें होटल तक पहुंचाया जाएगा।

डीआईजी/एसएसपी जन्मजेय खंडूड़ी ने लिए कई फैसले
गर्मी और वीकेंड पर पर्यटकों का सबसे ज्यादा रुझान मसूरी की तरफ रहता है। जिससे यातायात व्यवस्था सुधारना पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। ऐसे में देहरादून डीआईजी/एसएसपी जन्मजेय खंडूड़ी ने कई बड़े फैसले लिए हैं। जिनमें सबसे बड़ा फैसला बड़े वाहनों से मसूरी आने वाले पर्यटक अब सीधे होटल नहीं जा सकेंगे। उनको अपनी बसों और टेंपो ट्रेवलर को किंग्रेग स्थित बहुमंजिला पार्किंग में खड़ा करना होगा। उसके बाद यहां से शटल सर्विस के जरिए उन्हें होटल तक पहुंचाया जाएगा। पर्यटकों को इसके लिए प्रति सवारी 50 रुपए देने होंगे। इसके अलावा जो बसें मसूरी होकर कैंपटी फॉल जाएंगी उन्हें वाया विकासनगर लौटना होगा। बसों को वापसी में मसूरी नहीं आने दिया जाएगा। एसएसपी जन्मजेय खंडूड़ी ने बताया कि इसके लिए संबंधित जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर अवगत कराया जाएगा। एसएसपी ने यह भी बताया कि माल रोड शाम पांच बजे से रात दस बजे तक जीरो जोन रहेगा यानी इस दौरान कोई भी वाहन नहीं चलेंगे। बेवजह रिक्शा भी नहीं चलेंगे। इन नियमों का अगर किसी ने भी उल्लंघन किया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। कैमल बैक रोड के स्थानीय लोगों की शिकायत पर वहां निगरानी के लिए स्पेशल पिकेट लगाई जाएगी। वहां पर सादी वर्दी में पुलिस तैनात रहेगी। अगर कोई किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करते या नशे की हालत में मिला तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बुकिंग होने पर ही मिलेगी परमिशन
डीआईजी/एसएसपी जन्मजेय खंडूड़ी ने कहा कि वीकेंड में होटल की बुकिंग होने पर ही दोपहिया वाहन चालकों को मसूरी आने दिया जाएगा। जिनकी बुकिंग नहीं होगी उन्हें कुठाल गेट पर ही रोका जाएगा। जिसकी चेंकिग होती रहेगी। सीजन में लालटिब्बा और चार दुकान क्षेत्र में सिर्फ मसूरी में पंजीकृत वाहन जा सकेंगे। पर्यटकों के वाहनों को इन क्षेत्रों में नहीं जाने दिया जाएगा। दोपहिया वाहन सवार अगर बिना हेलमेट के पकड़े गए तो कार्रवाई की जाएगी। बिना मास्क वालों के चालान किए जाएंगे। पुलिस फोर्स की कमी पर उन्होंने कहा कि मसूरी और ऋषिकेश में वीकेंड पर लगातार अतिरिक्त फोर्स तैनात की जा रही है। लेकिन पर्यटन सीजन को देखते हुए अलग-अलग थानों से फोर्स को मई से जून के लिए मसूरी भेजा जाएगा। कोरोना संक्रमण में बढ़ोत्तरी को देखते हुए शहर में मास्क पहनना फिर से अनिवार्य कर दिया गया है। बिना मास्क पकड़े जाने पर 500 रुपए से लेकर 1000 रुपए का जुर्माना भरना पड़ सकता है। मसूरी में बढ़ी संख्या में बाहर से पर्यटक आते हैं। इसको देखते हुए निगरानी बढ़ाने की जरूरत है। शहर में कोरोना की सैंपलिंग बढ़ाई जा रही है। घर से बाहर निकलते ही मास्क पहनने की सख्त हिदायत दी गई। मास्क न लगाने पर जुर्माना लगेगा। एसएसपी ने सभी होटल व्यवसायी, रिक्शा चालक, टैक्सी चालक आदि सभी से सहयोग की अपील की।












Click it and Unblock the Notifications