केदारनाथ धाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा पर फिर से लग सकता है ब्रेक, जानिए कब से और क्यों
Kedarnath helicopter service: केदारनाथ धाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा पर एक बार फिर ब्रेक लग सकता है। इस बार मानसून के चलते आगे सेवा बाधित हो सकती है। 22 जून के बाद केदारनाथ हेली सेवा की टिकट बुकिंग पर संशय बना हुआ है। अभी तक उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण व आईआरसीटीसी ने तीसरे चरण के स्लॉट में टिकट बुकिंग की डेट जारी नहीं की है।
केदारनाथ धाम के कपाट 2 मई को खुलने के साथ ही हेली सेवा शुरू हो गई थी। पहले स्लॉट में दो से 31 मई की यात्रा के लिए टिकट बुकिंग की गई। जबकि दूसरे स्लॉट में एक से 22 जून तक की यात्रा की टिकट बुकिंग की गई। 22 जून तक के टिकट फुल है। इससे आगे के लिए हेली टिकटों की बुकिंग पर संशय बना हुआ है।

बता दें कि मानसून सीजन में हेली सेवा का संचालन कम हो जाता है। 6 कंपनियों में से एक या दो हेली सेवा को ही इस दौरान उड़ान भरने की परमिशन दी जाती है। बता दें कि रविवार को हुए हेलीकॉप्टर हादसे के बाद से तीन दिन तक हेलीकॉप्टर नहीं उड़े।
इस दौरान कई तीर्थ यात्रियों के टिकट कैंसिल हुए। हालांकि ऐसे यात्रियों को टिकट के पैसे वापस दिए जाएंगे। ऐसे में अब दो से तीन दिन ही केदारनाथ धाम में हेलीकॉप्टर उड़ान भर पाएंगे। बता दें कि 20 जून तक उत्तराखंड में मानूसन आने की उम्मीद जताई जा रही है। जिस वजह से केदारनाथ समेत चारों धाम की हेली सेवा पर असर पड़ना तय है।
केदारनाथ धाम में हुए हेलीकॉप्टर हादसे के बाद से राज्य सरकार ने अब सख्त कदम उठाए हैं। सीएम धामी के निर्देश पर प्रदेश में हेली सेवाओं के संचालन के लिए सख्त एसओपी तैयार की जा रही है। जिसमें हेलिकॉप्टर की तकनीकी स्थिति की पूर्ण जांच और उड़ान से पूर्व मौसम की सटीक जानकारी लेना अनिवार्य करने का फैसला लिया गया है।
इसके अलावा तकनीकी विशेषज्ञों की एक समिति का गठन करने का निर्णय लिया गया है। जो हेली संचालन की सभी तकनीकी व सुरक्षा पहलुओं की गहन समीक्षा कर एसओपी तैयार करेगी। यह समिति यह सुनिश्चित करेगी कि हेली सेवाओं का संचालन पूरी तरह से सुरक्षित, पारदर्शी और निर्धारित मानकों के अनुसार हो। साथ ही देहरादून से केदारनाथ हेली सेवा की मॉनटरिंग की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications