हरदा के वायरल वीडियो को लेकर आया नया मोड़, भाजपा ने लगाया कांग्रेस पर फर्जी वीडियो वायरल करने का आरोप
पोस्टल बैलेट को लेकर भाजपा और कांग्रेस में चल रही वार—पलटवार
देहरादून, 26 फरवरी। उत्तराखंड में पोस्टल बैलेट को लेकर भाजपा और कांग्रेस में चल रही वार-पलटवार थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांग्रेस के नेता और पूर्व सीएम हरीश रावत के सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल कर फर्जी पोस्टल बैलेट को लेकर लगाए गए गंभीर आरोप में नया मोड़ आ गया है। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस फर्ज़ी वीडियो वायरल कर सेना की छवि धूमिल कर रही है। साथ ही बुजुर्ग मतदाताओं और कर्मियों के विवेक पर सवाल खड़ा करने का आरोप लगाते हुए प्रदेश और देश की जनता से माफी मांगने को कहा है।

भाजपा का दावा, सेना के जबाव से खुली कांग्रेस की पोल
चुनाव निपटने के बाद भी प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस जमकर एक दूसरे के खिलाफ हमलावर हैं। कांग्रेस ने सोशल मीडिया से लेकर निर्वाचन आयोग तक फर्जी पोस्टल बैलेट का मामला उठाया। जिसके बाद इस मामले में पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज किया। इसके बाद भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने दावा किया है कि कुमायूं रेजिमेंट के द्वारा निर्वाचन आयोग को जवाब भेजा गया है। उससे कांग्रेस की मंशा का पटाक्षेप हो गया है। चौहान ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत और कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि कुमायूं रेजीमेंट के आधिकारिक जबाब से स्पष्ट हो गया है, कांग्रेस वायरल विडियो को सेना का बताकर वीर जवानों का अपमान कर रही थी। उन्होंने कहा कि भाजपा का भारतीय सेना और सभी संवैधानिक संस्थाओ पर हमेशा पूर्ण विश्वास रहा है, लेकिन कांग्रेस अपनी राजनैतिक मंशा के लिए किसी न किसी बहाने से इनकी विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करती रही है। एक बार फिर सैनिकों के डाक मतपत्रों को लेकर फर्जी विडियो के आधार पर उनकी यही कुत्सित मंशा फिर उजागर हुई है। भाजपा ने कुमायूं रेजीमेंट के चुनाव आयोग को दिये आधिकारिक जबाब का हवाला देते हुए कहा कि सेना द्धारा स्पष्ट किया गया है कि वीडियो पिथौरागढ़ स्थित किसी भी सैन्य संस्थान में हुई चुनाव प्रक्रिया का नहीं है। मनवीर चौहान ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को इस सारे प्रकरण की ज़िम्मेदारी लेते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। चौहान ने कहा कि चुनाव में हार सामने देखकर लगाया गया विपक्ष का एक और झूठ पकड़ा गया है।
क्या है वायरल वीडियो
पूर्व सीएम हरीश रावत ने एक वीडियो अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट किया है। हालांकि इसमें जगह और समय का कोई खुलासा नहीं किया हुआ है। वायरल वीडियो में सेना की वर्दी में दिख रहा एक ही व्यक्ति अन्य लोगों के पोस्टल बैलेट से मतदान करता हुआ दिख रहा था। जिसमें उसकी अपने साथियों के साथ एक ही उम्मीदवार या पार्टी या फिर किसी अन्य को वोट देने की बातचीत भी साफ सुनाई दे रही है। सोशल मीडिया पर इस वीडियो के वायरल होने के बाद जिले की डीडीहाट विधानसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार प्रदीप पाल ने मंगलवार को ही डीडीहाट के आरओ अनुराग आर्या को ज्ञापन सौंपा। साथ ही मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की थी, मामले के तूल पकड़ने के बाद बुधवार को कोतवाली डीडीहाट में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम तथा मतदान की गोपनीयता भंग करने संबंधी आईपीसी की धाराओं-153 डी, एस और 124 व 128 के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इधर वायरल वीडियो को लेकर जमकर राजनीति भी शुरू हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications