वाराणसी में दिखा हरीश रावत का अनोखा अंदाज, ठेली पर चाय बनाते हुए आए नजर
वीडियो में हरीश रावत चाय की ठेली पर आ रहे नजर
देहरादून, 26 फरवरी। उत्तराखंड में चुनाव निपटने के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत उत्तर प्रदेश में चुनावी प्रचार-प्रसार में जुटे हैं। उत्तराखंड की तरह उत्तर प्रदेश में भी हरीश रावत अपने अनोखे अंदाज से लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचने में जुटे हैं। इस बीच वाराणसी में हरीश रावत एक चाय के ठेले पर चाय बनाते और बांटते हुए नजर आए हैं। हरदा के ये तरीका लोगों को काफी पसंद आता है। हरीश रावत यहां कांग्रेस की प्रत्याशी के लिए वोट मांगते हुए भी नजर आए है।

यूपी में पदयात्रा और जनसंपर्क कर रहे हरदा
उत्तराखंड में कांग्रेस के बड़े नेता हरीश रावत इन दिनों उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के लिए वोट मांग रहे हैं। इस दौरान हरीश रावत पदयात्रा और लोगों से मिलकर जन संपर्क कर रहे हैं। वाराणसी में हरीश रावत एक चाय के ठेले पर रुककर चाय बनाते हुए नजर आए। इसके बाद हरीश रावत ने अपने साथ के लोगों को चाय भी पिलाई। हरीश रावत हमेशा अपने अनोखे अंदाज से लोगों का ध्यान खींचते रहते हैं। हाल ही में उत्तराखंड में एक दुकान पर बन पर मक्खन, टिक्की बनाते और जलेबी तक बनाते हुए नजर आ चुके हैं। हरीश रावत हमेशा कुछ ऐसा करने की सोचते हैं, जिससे वे अपने आप ही आकर्षण का केन्द्र बन जाता है। हरीश रावत ने जनसंपर्क के दौरान लोगों से मिलकर कांग्रेस के पक्ष में वोट डालने की अपील की। इस दौरान लोगों में हरीश रावत के साथ सेल्फी खिंचने की भी उत्सकुता नजर आई है।
भाजपा और योगी पर किया जमकर हमला
इस दौरान हरीश रावत भाजपा और योगी सरकार पर जमकर हमला भी बोल रहे हैं। हरीश रावत का कहना है कि भाजपा को उत्तराखंड में खदेड़ने के बाद यूपी से भी खदेड़ने आए हैं। हरीश रावत ने कहा कि योगी आदित्यनाथ से मेरा आत्मिक लगाव है, मगर वे राजनीति के प्रपंच में फंसकर आध्यात्म व योगत्व को खो रहे हैं। बता दें कि वे योगी को उत्तराखंड में कुटिया के लिए जगह देने की बात कर चुके हैं। जिस पर भाजपा हमलावर भी हो चुकी है। रावत ने कहा कि नेहरू और गांधी परिवार का सीधा संबंध उत्तर प्रदेश की माटी से है। यूपी वाले कब तक उधार का तिलक लगाते रहेंगे। प्रदेश में वह लोग राजनीति कर रहे हैं जिनका यहां से कोई भी सीधा जुड़ाव नहीं है। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का सीधा संबंध यूपी से रहा है। वह यूपी की जनता की जरूरत और दुख दर्द को बेहतर समझते हैं। हरीश रावत ने भाजपा पर जमकर प्रहार करते हुए कहा कि जब-जब सत्ता में भाजपा आई है महंगाई लाई है। उन्होंने कहा कि सपा थानावादी है और भाजपा बुलडोजरवादी। रावत ने पुरानी पेंशन बहाली के कांग्रेस के वादे की याद दिलाई और किसानों, युवाओं के लिए घोषित विधान को भी शत प्रतिशत लागू कराने का आश्वासन दिया। हरीश रावत उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को संजीवनी देने की कोशिश में जुटे हैं। प्रियंका गांधी के लड़की हूं लड़ सकती हूं, नारे को हरदा बुलंद करने में जुटे हैं। जिसके समर्थन में हरीश रावत लगातार रैलियों और प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार-प्रसार कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications