Haridwar: आध्यात्म महोत्सव में बोले CM धामी, UCC के लिए बनाई गई कमेटी का काम पूरा,नए साल में मिलेगा ड्राफ्ट
Haridwar: हरिद्वार के हरिहर आश्रम में आध्यात्म महोत्सव में आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए। इस मौके पर सीएम धामी ने कहा कि हमारी सरकार ने सबसे सख्त धर्मांतरण कानून बनाया है।

इसके साथ ही हमनें देवभूमि के स्वरुप को बनाए रखने के लिए अतिक्रमण को हटाने के बड़ा अभियान चलाया है। साथ ही भ्रष्ट्राचार मुक्त शासन चलाने का संकल्प लिया है। हमारी प्राथमिकता मातृ शक्ति को आगे लाने के लिए कदम उठाए हैं। सीएम धामी ने कहा कि यूसीसी को लेकर जो कमेटी बनाई थी, उसने अपना काम पूरा कर लिया है।
नए साल में हमें ड्राफ्ट मिलेगा। इसके बाद हम इसे लागू करने का काम करेंगे। सीएम ने कहा कि पीएम के विजन के अनुरूप हम राज्य के विकास और कल्याण के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए संकल्पबद्ध हैं। हमने उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए 'विकल्प रहित संकल्प' का मूलमंत्र अपनाया है। इसके लिए सब का आशीर्वाद मिलता रहेगा।
बता दें कि जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद महाराज के पीठ पर विराजमान हुए 25 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। इस उपलक्ष्य में हरिहर आश्रम में भव्य आयोजन किए गए हैं। पहले दिन रविवार को आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने शिरकत की।
आज दूसरे दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले हरिद्वार के जगद्गुरु शंकराचार्य आश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज का आशीर्वाद लिया और कई मुद्दों पर चर्चा की। इसके बाद सीएम कनखल स्थित हरिहर आश्रम में आयोजित दिव्य अध्यात्म महोत्सव में पहुंचे। कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सुधांशु त्रिवेदी भी हरिहर आश्रम पहुंचे।












Click it and Unblock the Notifications