हल्द्वानी के बनभूलपुरा में हुई हिंसा के बाद कर्फ्यू जारी, जानिए कैसे हैं हालात, सामने आई ये राहत की तस्वीर
हल्द्वानी के बनभूलपुरा में हुई हिंसा के बाद कर्फ्यू जारी है। इस बीच कर्फ्यू ग्रस्त इलाके बनभूलपुरा में प्रशासन की टीम लगातार आवश्यक सेवाओं की पूर्ति करने में जुटी है। जिलाधिकारी वंदना सिंह के निर्देश पर मंगलवार को हल्द्वानी के बनभूलपुरा में खाद्य सामग्री तेल मसाले फल सब्जियां गैस सहित अन्य आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया गया।

इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं को पहले ही सुचारु कर लिया गया है। जोनल मजिस्ट्रेट ए पी वाजपेई ने बताया कि मंगलवार को बनभूलपुरा क्षेत्र में आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया गया। जिसमें खाद्यान्न सामाग्री, तेल, मसाले, अंडे, ब्रैड, सब्जियों, फल और भारत गैस का वितरण किया गया। इसके अलावा जोनल मजिस्ट्रेट ए पी वाजपेई ने बताया कि बनभूलपुरा स्वास्थ्य केंद्र में 84 ओपीडी हुई और पशु चारा भी बंटवाया गया।
वहीं बनभूलपुरा क्षेत्र में आज ज़िला प्रशासन नैनीताल और मुख्य पशुचिकित्साधिकारी नैनीताल डाॅ डीसी जोशी के दिशा निर्देशन और वरिष्ठपशुचिकित्साधिकारी हलद्वानी डाॅ आर के पाठक के नेतृत्व में हल्द्वानी के कर्फ्यू ग्रस्त क्षेत्र बनभूलपुरा में बृहद पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। जिसमे 30 छोटे और 14 बड़े पशुओ की चिकित्सा और 17 फीड ब्लॉक का वितरण किया गया। जिसमे 1962 की टीम तथा सचल भीमताल द्वारा उचित सहयोग दिया गया।
हल्द्वानी में बनभूलपुरा हिंसा के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा ने प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि आज और 6 दंगाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अब तक कुल 36 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री की घोषणा के तत्काल बात बनभूलपुरा में हिंसा वाली जगह मलिक के बगीचे में पुलिस चौकी का संचालन शुरू कर दिया गया है। जिसमें एक सब इंस्पेक्टर और चार कांस्टेबल की तैनाती की गई है।
इसके अलावा कर्फ्यू ग्रस्त क्षेत्र से 41 हथियार जप्त किए गए हैं साथ ही जो नामजद आरोपी फरार है उनकी प्रॉपर्टी को भी चिन्हित किया जा रहा है। गौरतलब है कि बीते 8 फरवरी को बनभूलपुरा के मालिक के बगीचे में अतिक्रमण हटाने के दौरान पुलिस व नगर निगम कर्मचारियों पर जमकर पथराव हुआ।
जिसके बाद पूरे हल्द्वानी में जमकर बवाल हुआ। सैकड़ो पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। इसके बाद दंगाइयों द्वारा बनभूलपुरा थाना फूंक दिया गया और सैकड़ो गाड़ियां दंगाइयों द्वारा जला दी गई थी। तब से बनभूलपुरा में कर्फ्यू लगा हुआ है और पुलिस लगातार दंगाइयों को गिरफ्तार कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications