Dehradun: सड़क पर फेंका कूड़ा, अब भरना पड़ेगा 5 लाख का जुर्माना, नगर निगम ने काटा अब तक का सबसे बड़ा चालान
देहरादून में एक व्यक्ति को सड़क पर कूड़ा फेंकना महंगा पड़ गया। नगर निगम ने कूड़ा फेंकने वाले व्यक्ति पर पांच लाख का चालान किया है। नगर निगम देहरादून का ये अब तक का सबसे बड़ा जुर्माना है।

डेंगू की रोकथाम के लिए नगर निगम देहरादून की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। देहरादून के मोहनी रोड डालनवाला में एक व्यक्ति की ओर से करीब तीस टन ग्रीन वेस्ट और अनुपयोगी सामान सड़क पर फेंका गया था। बताया जा रहा है कि इसमें डेंगू का लार्वा भी पाया गया।
इस पर नगर निगम ने व्यक्ति पर पांच लाख रुपए का चालान कर दिया। नगर आयुक्त मनुज गोयल को किसी ने इसकी शिकायत की कि सड़क पर बहुत मात्रा में कूड़ा फेंका गया ह। इस पर नगर आयुक्त ने मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अविनाश खन्ना को मौके पर जाकर निरीक्षण करने को कहा।
मौके पर डॉ खन्ना को सड़क पर लगभग 30 टन ग्रीन वेस्ट और काफी मात्रा में अनुपयोगी सामान पड़ा मिला। ग्रीन वेस्ट से दुर्गंध भी आ रही थी। साथ ही आसपास पानी भी जमा था। जिसमें डेंगू मच्छर का लार्वा मिला। जिसके बाद कूड़ा फेंकने वाले का चालान कर दिया गया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि अगर चालान की राशि जमा नहीं की गई तो आरसी कटवाकर पैसा वसूल किया गया।
देहरादून में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। जिससे नगर निगम और प्रशासन के लिए हालात पर काबू पाने में भारी परेशानी हो रही है। इसके लिए लोगों को लगातार अवेयर किया जा रहा है। देहरादून जिले में अब तक डेंगू के 915 केस सामने आ चुके हैं। जबकि अब तक 13 मरीजों की मौत हो चुकी है।
ऐसे में निगम लगातार फोगिंग और अभियान चलाकर लोगों को अवेयर कर रहा है। इस बीच नगर निगम शहर में गंदगी फैलाने वालों पर भी लगातार कार्रवाई कर रहा है। अब निगम ने खाली प्लॉट में झाडियां पाये जाने पर भी चालान करने की बात कही है। इन प्लॉट में भी बारिश का पानी रुकता है, जिससे डेंगू का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में निगम ने ऐसे खाली प्लॉट के मालिकों को भी चेतावनी जारी की है। निगम के अनुसार शहर में ऐसे ढाई से तीन हजार प्लॉट खाली हैं।












Click it and Unblock the Notifications