उत्तराखंड के पूर्व CM की बेटी के साथ करोड़ों की ठगी,फिल्म में निवेश और रोल दिलाने के लिए पैसे लेने का आरोप
उत्तराखंड के पूर्व सीएम पूर्व सीएम डॉ रमेश पोखरियाल निशंक की बेटी अभिनेत्री आरुषि निशंक को फिल्म निर्माण में निवेश और रोल दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। ठगी के आरोप में मुंबई के दो फिल्म प्रोड्यूसर के खिलाफ देहरादून के कोतवाली शहर में मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरोप है कि आरुषि को फिल्म में मुख्य भूमिका देने और बड़े मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपये हड़प लिए।
आरुषि निशंक प्रोडक्शन फर्म हिमश्री फिल्म्स के तहत फिल्म निर्माण और एक्टिंग से जुड़ी है। आरुषि ने शिकायत में बताया कि मुंबई के दो प्रोड्यूसर ने उनसे संपर्क किया।

उन्होंने खुद को एक प्राइवेट कंपनी का डायरेक्टर बताते हुए कहा कि वे आंखों की गुस्ताखियां फिल्म का निर्माण कर रहे हैं, जिसमें दो किरदार पहले से ही मुख्य भूमिका में हैं। प्रोड्यूसर्स ने कहा कि इस फिल्म में एक और मुख्य भूमिका है, जिसे आरुषि को निभाने के लिए ऑफर किया गया। लेकिन इसके लिए शर्त रखी गई कि उन्हें पांच करोड़ रुपये का इन्वेस्टमेंट करना होगा, जिससे उन्हें फिल्म की कमाई में 20% का हिस्सा मिलेगा।
उन्होंने वादा किया कि अगर आरुषि को स्क्रिप्ट पसंद नहीं आई या वे संतुष्ट नहीं हुईं तो उनकी रकम 15% ब्याज के साथ लौटा दी जाएगी। जिस पर भरोषा कर 9 अक्टूबर 2024 को हिमश्री फिल्म्स और मिनी फिल्म्स के बीच एमओयू साइन हुआ। इसके बाद 10 अक्टूबर 2024 को उन्होंने पहली किश्त के रूप में 2 करोड़ रुपये दिए।
लेकिन बाद में अलग-अलग दबाव और बहानों से उनसे 19 नवंबर 2024 को 1 करोड़, 27 अक्टूबर 2024 को 25 लाख, और 30 अक्टूबर 2024 को 75 लाख रुपये और ले लिए गए। इस तरह आरुषि से 4 करोड़ की ठगी कर ली। पुलिस ने इस मामले में जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
आरुषि निशंक उत्तराखंड के पूर्व सीएम रमेश पोखरियाल निशंक की बेटी हैं। बता दें कि आरुषि निशंक फिल्म में एक्टिंग करती हैं। हाल में ही उनकी फिल्म तारिणी रिलीज हुई थी। इसके अलावा आरुषि स्पर्श गंगा एनजीओ की को फाउंडर भी हैं। वह सामाजिक कार्यों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेती हैं।












Click it and Unblock the Notifications