Delhi blast के बाद Badrinath Dham में भी बढ़ाई सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस-सेना और BDS के साथ किया फ्लैग मार्च
Delhi blast Badrinath Dham दिल्ली में कार ब्लास्ट की घटना के बाद से पूरे प्रदेश भर में पुलिस अलर्ट मोड पर है। बद्रीनाथ धाम में भी सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। चमोली पुलिस ने सेना और BDS के साथ संयुक्त फ्लैग मार्च किया। साथ ही मंदिर परिसर के अलावा महत्वपूर्ण जगहों पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
चमोली में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए चमोली पुलिस ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए तैयारी और सतर्कता बढ़ा दी है। थाना बद्रीनाथ पुलिस ने बद्रीनाथ धाम में एक संयुक्त फ्लैग मार्च आयोजित किया। अभ्यास में भारतीय सेना के जवान, बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS), श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति और नगर पंचायत के प्रतिनिधि शामिल हुए।

फ्लैग मार्च का मुख्य लक्ष्य धाम में उपस्थित श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों में सुरक्षा के प्रति विश्वास की भावना को सुदृढ़ करना, तथा किसी भी आपात स्थिति के लिए सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था। चमोली पुलिस की ओर से बयान जारी कर कहा गया कि जनपद की सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्ध है और यह सुनिश्चित करती है कि सभी नागरिक और तीर्थयात्री पूर्ण रूप से सुरक्षित महसूस करें। चमोली में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। बद्रीनाथ धाम में पुलिस, 7 असम व बीडीएस टीम की संयुक्त सुरक्षा ड्रिल तैनात है।
- चमोली पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विशेष चेकिंग एवं सुरक्षा ड्रिल संचालित की जा रही है।
- मंदिर परिसर, श्रद्धालु प्रवेश द्वार, पार्किंग क्षेत्र, यात्री प्रतीक्षालय तथा आसपास के मार्गों का गहन निरीक्षण किया गया।
- BDS टीम ने अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरणों की सहायता से मंदिर परिसर के प्रत्येक क्षेत्र की जांच की तथा किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि पर विशेष निगरानी रखी।
- कोतवाली ज्योतिर्मठ क्षेत्र में भी सुरक्षा एवं शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने हेतु BDS टीम एवं कोतवाली पुलिस द्वारा संयुक्त सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें प्रमुख धार्मिक स्थलों, बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड, बाजार क्षेत्र एवं तीर्थयात्रियों के मुख्य मार्गों का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया।
- सुरक्षा दृष्टि से संवेदनशील स्थानों - जैसे गौचर एयरपोर्ट, जनपद के सभी प्रवेश द्वार एवं अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों - पर भी BDS टीम द्वारा नियमित रूप से चेकिंग अभियान जारी है।
- चेकिंग के दौरान संदिग्ध वस्तुओं, बैगों एवं वाहनों की सावधानीपूर्वक जांच की गई तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित अधिकारियों को प्रदान किए गए।
- अभियान के दौरान पुलिस टीम द्वारा स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों, वाहन चालकों एवं श्रद्धालुओं को सुरक्षा जागरूकता से जुड़ी उपयोगी जानकारी दी गई और उनसे अनुरोध किया गया कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें।












Click it and Unblock the Notifications