Dehradun news: शहर पर अब आसमान से भी रहेगी नजर, जानिए ट्रैफिक समेत अन्य समस्याओं की कैसे होगी मॉनिटरिंग
Dehradun news: देहरादून में ट्रैफिक की समस्या और लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक के दबाव के चलते दून पुलिस ने एक नया प्रयोग शुरू किया है। अब देहरादून शहर पर आसमान से भी नजर रखी जाएगी। इसमें शहर के ट्रैफिक वॉयलेशन, नो पार्किंग के साथ अस्थाई अतिक्रमण पर पैनी नजर रहेगी। जिससे किसी का बचना मुश्किल रहेगा।

साथ ही शहर में आए दिन हो रहे शोभायात्रा, जुलूस आदि की मॉनिटरिंग में इससे आसानी से की जा सकेगी। देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने Idea Forge technology limited कंपनी से अनुबंध किया है। जो कि आज से विधिवत मॉनिटरिंग शुरू कर चुके हैं। अनुबंध के आधार पर फर्स्ट फेज में दो हाईटेक ड्रोन की मदद से शहर में कार्यवाही की जाएगी। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि रिजल्ट के आधार पर इसका दायरा बढ़ाया जाएगा।
देहरादून की यातायात व्यवस्था में प्रभावी सुधार के लिए दून पुलिस ने एक नई पहल की शुरुआत करते मुंबई की Idea Forge technology limited कंपनी से अनुबंध किया गया है। इसके तहत कंपनी द्वारा नगर क्षेत्र के सभी मुख्य मार्गो चकराता रोड, शिमला बायपास रोड, सहारनपुर रोड, हरिद्वार बायपास रोड, राजपुर रोड, ईसी रोड आदि क्षेत्रों की हाईटेक ड्रोनों की सहायता से लगातार निगरानी की जायेगी।
इन स्थानों पर यातायात नियमों का उल्लंघन, नो पार्किंग में खड़े वाहनों, अस्थाई अतिक्रमण पर नजर रखते हुए प्रभावी कार्यवाही की जायेगी, इसके अतिरिक्त नगर क्षेत्र में निकलने वाली शोभा यात्राओं व जूलूसो की नियमित मॉनिटरिंग भी उक्त ड्रोनों की सहायता से की जाएगी।
शुरूआत में पुलिस कार्यालय देहरादून और आईएसबीटी स्थित कंट्रोल रूम से 02 ड्रोनों का संचालन किया जाएगा। इस दौरान इन इलाकों के सभी मार्गों पर हो रही प्रत्येक गतिविधि पर आसमान से पुलिस द्वारा नजदीकी नजर रखी जाएगी।
ड्रोन्स का लाइव एक्सेस जिले के उच्च अधिकारियों के पास भी रहेगा, जिससे उनके द्वारा भी समय-समय पर ड्रोन की गतिविधियों और उसकी लाइव लोकेशन से मॉनिटरिंग की जा सके। आज देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह द्वारा FLYING HAWK का विधिवत शुभारंभ किया गया, जिसके साथ ही ड्रोन के माध्यम से चिन्हित किए गए क्षेत्र की विधिवत मॉनिटरिंग की शुरुआत की गई है।












Click it and Unblock the Notifications