Dehradun News: त्यूणी में सनसनीखेज घटना,गांव में दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
Dehradun News उत्तराखंड के देहरादून जिले के त्यूणी में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। भूठ गांव में दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामला सामने आने से हडकंप मचा हुआ है। तीनों एक कमरे में मृत मिले हैं।
जहां ये लोग मृत मिले हैं, वहां कमरे से एलपीजी का रिसाव पाये जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि ये तीनों लोग त्यूणी के इलाके में मकान बनाने का काम कर रहे थे। राजस्व टीम मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।

देहरादून जिले की त्यूणी तहसील के भूठ गांव में राजकीय हाईस्कूल के एक कमरे में तीन राज मिस्त्री मृत पाए गए हैं। मृतकों की पहचान डिरनाड गांव निवासी प्रकाश, संजय और पट्यूड गांव निवासी संदीप के रूप मे हुई है। प्रकाश और संजय सगे भाई थे। भूठ गांव में राजकीय हाईस्कूल के एक कमरे में रविवार को डिरनाड गांव निवासी प्रकाश उसका भाई संजय और पट्यूड गांव निवासी संदीप मृत अवस्था में मिले।
बताया जा रहा है कि तीनों के मुंह से झाग निकल रहा था। कमरे से एलपीजी गैस की तेज गंध आ रही थी। तीनों युवक राज मिस्त्री का काम करते थे। काफी दिनों से भूठ गांव में रह कर मकानों के निर्माण और मरम्मत का काम कर रहे थे।
सूचना पाकर राजस्व विभाग की टीम के साथ घटनास्थल ग्राम भूठ गांव पहुंचकर खिड़की दरवाजा खोलकर देखा तो अन्दर तीन व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़े थे। तीनों के मुंह से झाग व लार निकली हुई थी। तीनों के शवों का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी भेजा गया। राजस्व टीम मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। प्रथमदृष्टया मामला गैस के रिसाव के कारण मौत को माना जा रहा है। लेकिन घटना कैसे और क्यों हुई ये जांच का विषय है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।












Click it and Unblock the Notifications