Dehradun news:फ्लैट में हुई लूट की घटना में शामिल बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़, एसआई औैर बदमाश को लगी गोली
देहरादून के बसंत विहार के अपार्टमेंट में हुई लूट की घटना के बदमाशों व पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पहले संदिग्धों की धरपकड़ के दौरान दून पुलिस ने सहारनपुर क्षेत्र से संदिग्धों का पीछा करते हुए बिहारीगढ़ पुलिस के साथ संदिग्धों को आशारोड़ी के जंगलों में घेरा, जिसके बाद बिहारीगढ़ पुलिस व दून पुलिस की जंगलों में कांबिंग की गई। इस दौरान बदमाशों व पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई।

मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी और एक बदमाश घायल हो गए। देर रात घायलों को तत्काल हॉस्पिटल ले गए। घटना के दौरान एक अन्य बदमाश फरार हो गया। लेकिन बाद में दूसरा बदमाश हिरासत में लिया गया। मुठभेड़ में फुरकान निवासी मुजफ्फरनगर, यूपी घायल हुआ जबकि वसीम निवासी ग्राम मुजफ्फरनगर, यूपी हिरासत में ले लिए गए। दोनों बदमाशों के कब्जे से अवैध हथियार एक पिस्टल कंट्री मेड व एक 315 बोर का देसी तमंचा बरामद हुआ।
पुलिस का कहना है कि दोनों बदमाश बसंत विहार में हुई लूट की घटना के मुख्य अभियुक्त हैं। बता दें कि पुलिस ने मुठभेड़ से पहले फ्लैट में हुई लूट की घटना में शामिल आरोपी ओमवीर को पहले गिरफ्तार कर लिया था। जिसकी तलाशी लेने पर अभियुक्त के पास से बरामद बैग के अन्दर से घटना मे लूटी गई 03 लाख 50 हजार रू0 की धनराशि बरामद हुई।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसे किसी परिचित ने पीड़ित के घर की रैकी करने को कहा था। बता दें कि शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अनुराग चौक के पास पर्ल हाइट अपार्टमेंट में एक्सपोर्टर विकास त्यागी के घर पर तीन बदमाशों ने लूट की थी। बदमाश वहां से करीब आठ लाख रुपये नकद और 20 तोले सोने के जेवरात लूटकर ले गए थे।
पुलिस ने विकास त्यागी की तहरीर पर पुलिस ने उनके पूर्व पार्टनर राजीव अग्रवाल व तीन बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। राजीव अग्रवाल से उनका लेनदेन का विवाद चला आ रहा है। बदमाशों ने भी विकास त्यागी से कहा था कि उन्हें अंबाला वालों ने भेजा है और दो करोड़ रुपये का इंतजाम करने को कहा था। बदमाश विकास त्यागी के भाई और बेटे को साथ ले गए थे, जाते वक्त तीनों बदमाश मोहंड से आगे कार से उतरकर चले गए और उन्हें वापस भेज दिया।
सोमवार देर रात उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की पुलिस ने मिलकर बिहारीगढ़ में बदमाशों को घेर लिया। कांबिंग के दौरान बदमाशों और पुलिस में मुठभेड़ हो गई। इसमें उत्तराखंड पुलिस के एसआई सुनील नेगी के पैर में गोली लग गई। मुठभेड़ के दौरान बदमाश फुरकान के पैर में भी गोली लगी है।












Click it and Unblock the Notifications