Dehradun news: सहस्त्रधारा में बादल फटने से तबाही, होटल और कई दुकानें क्षतिग्रस्त, 100 लोगों को किया रेस्क्यू
Dehradun Cloudburst news: उत्तराखंड में एक बार फिर मानूसन की बारिश ने जमकर तबाही मचाई है। देहरादून के सहस्त्रधारा में सोमवार देर रात बादल फटने से भारी नुकसान की खबर है। भारी बारिश के अलर्ट के चलते देहरादून में आज स्कूलों को बंद रखा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्य बाजार में मलबा आने से दो से तीन बड़े होटल और कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। घटना देर रात की बताई जा रही है। कार्डीगाड़ में बादल फटने के बाद मुख्य बाजार में बड़े पैमाने पर मलबा आ गया। इससे दो से तीन बड़े होटल क्षतिग्रस्त हो गए जबकि एक मार्केट में बनीं करीब 7 से 8 दुकानें ध्वस्त हो गईं।

घटना के बाद करीब 100 लोग फंस गए थे जिन्हें सकुशल रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है। एक से दो लोग लापता बताए जा रहे हैं। देहरादून जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार भारी वर्षा के चलते कारलीगाढ सहस्त्रधारा में रात में बादल फटने की सूचना मिली। जिसके बाद से जिला प्रशासन का रेस्क्यू एंड रिलीफ ऑपरेशन जारी है।
लोगों को रात में ही शिफ्ट कर दिया
जिला प्रशासन ने आसपास के लोगों को रात में ही सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही डीएम सविन बंसल ने कमान संभाली और रात ही विभागों से समन्वय कर मौके पर रेस्क्यू टीमें भेजी गई। एसडीआरएफ; एनडीआरफ, लोनिवि समेत सभी विभागों में समन्वय बनाकर जेसीबी उपकरण सहित रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
एसडीएम कुमकुम जोशी रात्रि में ही घटनास्थल पर पहुंच गई
बताया गया है कि घटना में कुछ दुकान बह गई है, दो लोग मिसिंग बताये जा रहे हैं जिनकी खोजबीन जारी है। डीएम के निर्देश पर एसडीएम कुमकुम जोशी रात्रि में ही घटनास्थल पर पहुंच गई। आपदा कंट्रोल रूम से रात दो बजे जानकारी मिली कि घटनास्थल के लिए एसडीआरएफ और फायर की टीम को रवाना कर दिया गया है लेकिन रास्ते पर अधिक मलबा आ जाने के कारण टीम मौके पर नहीं पहुंच पाई।
आईटी पार्क के पास भी बड़ी मात्रा में मलबा
बताया गया कि लोक निर्माण विभाग की जेसीबी मौके पर पहुंचकर रास्ता खोलने में जुट गई है। आईटी पार्क के पास भी बड़ी मात्रा में मलबा आ गया। इससे सॉन्ग नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया। पुलिस ने आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क किया है। साथ ही नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कहा है।












Click it and Unblock the Notifications