दून के प्रतिष्ठित बोर्डिंग स्कूल में 8वीं के छात्र के साथ रैगिंग और यौन उत्पीड़न का आरोप,असम में जीरो एफआईआर
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में स्थित एक प्रतिष्ठित बोर्डिंग स्कूल में रैगिंग और यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। स्कूल में पढ़ने वाले गुवाहाटी (असम) के 8वीं कक्षा के छात्र ने रैगिंग और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
जिसकी शिकायत कर पिता ने गुवाहाटी में जीरो एफआईआर दर्ज कराई है। मामला डालनवाला कोतवाली को ट्रांसफर किया गया है। बताया जा रहा है कि पीड़ित छात्र के पिता असम पुलिस में वरिष्ठ अफसर पद से रिटायर हैं।

आरोप है कि स्कूल प्रशासन की ओर से कार्रवाई ना किए जाने पर वह अपने बेटे को लेकर गुवाहाटी चले गए थे और फिर वहां जीरो एफआईआर दर्ज कराई। एफआईआर ट्रांसफर होने के बाद देहरादून पुलिस ने इस मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में पीड़ित छात्र के पिता ने बताया कि उनका बेटा प्रतिष्ठित स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ रहा है। जो कि स्कूल के बोर्डिंग में रहता है और कुछ समय से बेटे ने जब फोन नहीं किया तो वह उससे मिलने के लिए स्कूल पहुंच गए। कई दिनों से बेटा उदास रहने पर उन्होंने कारण पूछा लेकिन बेटे ने कुछ नहीं बताया।
बेटे को भरोसे में लेने पर उसने बताया कि कुछ सीनियर छात्रों ने उसके साथ रैगिंग की। साथ ही मारपीट और यौन उत्पीड़न की भी बात की है। पीड़ित ने इसकी सूचना स्कूल प्रशासन को दी। लेकिन पिता का आरोप है कि स्कूल ने इसको लेकर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद पीड़ित अपने बेटे को गुवाहाटी लेकर चले गए।
वहां उन्होंने संबंधित थाने में रैगिंग और दुर्व्यवहार को लेकर एक शिकायती पत्र दिया। गुवाहाटी पुलिस ने जीरो एफआईआर कर थाना डालनवाला को ट्रांसफर कर दी। अब थाना डालनवाला पुलिस ने आईपीसी और पॉक्सो एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस द्वारा पीड़ित छात्र और उसके पिता को जल्द ही देहरादून बुलाकर पूछताछ की जाएगी। इसके बाद मामले की पड़ताल की जाएगी।











Click it and Unblock the Notifications