हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में 11 दिन बाद हटा कर्फ्यू, जानिए कैसे हैं हालात, अब तक क्या-क्या हुआ
हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में बीते 8 फरवरी से हिंसा के बाद कर्फ्यू लगाया गया था, जिसको आज नैनीताल जिलाधिकारी ने बनभूलपुरा क्षेत्र से कर्फ्यू खत्म करने का आदेश भी जारी कर दिया है।

हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में अब हालात सामान्य होते जा रहे हैं। 11 दिन तक बनभूलपुरा क्षेत्र में कर्फ्यू लगा रहा। इस बीच उपद्रवियों पर लगातार कार्रवाई जारी रही। साथ ही आरोपियों की संपत्ति को भी कुर्क किया गया। अब स्थिति सामान्य होने के बाद कर्फ्यू हटा दिया गया है।
मौजूदा हालात को देखते हुए नैनीताल जिलाधिकारी वंदना ने बनभूलपुरा क्षेत्र में आज से कर्फ्यू खत्म करने का आदेश भी जारी कर दिया है। बनभूलपुरा क्षेत्र में हुए बवाल के मामले में पुलिस ने दो नामजद समेत 10 और उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही गिरफ्तार किए गए उपद्रवियों की संख्या 68 हो गई है।
हालांकि, मास्टरमाइंड अब्दुल मलिक अभी तक पुलिस के हाथ नहीं लगा है। पुलिस इस पूरे प्रकरण में छह वांटेड के घरों की कुर्की कर चुकी है। सोमवार को दो वांटेड तस्लीम कुरैशी व वसीम सिद्दीकी उर्फ हप्पा को पकड़ लिया है। मलिक समेत चार अब भी फरार हैं।
इस बीच अब्दुल मलिक के विदेश भागने की आशंका के चलते लुक आउट सर्कुलर जारी हो चुका है। बहरहाल, मलिक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश जारी है। वांटेड मलिक समेत चार की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उपद्रवियों के घरों की कुर्की हो चुकी है।
उधर बनभूलपुरा में हुए उपद्रव के बाद से बंद पड़ा इंदिरानगर खनन गेट मंगलवार से खुल जाएगा। प्रशासन से मिली लिस्ट के सत्यापन के बाद वन निगम ने उपद्रवियों के 26 वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया है। इनका खनन पंजीकरण भी फिलहाल निरस्त कर दिया गया है।
बीते आठ फरवरी को हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में सरकारी भूमि पर बने अवैध मदरसे और अवैध नमाजस्थल को तोड़ने के लिए प्रशासन और पुलिस की टीम पहुंची। जिस पर कार्रवाई के दौरान भीड़ ने पत्थरबाजी और आगजनी कर दी थी। इसके बाद से हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में कर्फ्यू लगा रहा। अब स्थिति सामान्य होने के बाद कर्फ्यू हटा दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications