उत्तराखंड कांग्रेस की कमान संभालेंगे करन माहरा, यशपाल आर्य को मिला नेता प्रतिपक्ष का दायित्व
देहरादून, 10 अप्रैल: पांच राज्यों में हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में राज्यों के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों से आलाकमान ने इस्तीफा मांगा था, जिसके बाद अब लंबी मंत्रणा पर उत्तराखंड कांग्रेस की कमान करन माहरा को सौंपी गई है। वहीं कांग्रेस नेता यशपाल आर्य को नेता प्रतिपक्ष का दायित्व मिला है। इसके अलावा भुवन कापड़ी को उपनेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया गया है।

कांग्रेस आलाकमान ने सीएम पुष्कर सिंह धामी को खटीमा से हराने वाले भुवन कापड़ी को बतौर उपनेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया है। वहीं विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष रह चुके करन माहरा को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है, जबकि चुनावों से पहले बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में आने वाले यशपाल आर्य को पार्टी ने नेता प्रतिपक्ष बनाया है।
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद पीसीसी चीफ गणेश गोदियाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद अब यह पद करन माहरा संभालेंगे। रविवार को पार्टी हाई कमान ने आदेश जारी करते हुए इसकी घोषणा की है। गौरतलब है कि करण माहरा विधायक रह चुके हैं, लेकिन इस बार चुनाव हार गए थे।
बता दें कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को लेकर पहले से ही अंदर खाने से खबर आ रही थी कि करन माहरा को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी जा सकती है। जबकि नेता प्रतिपक्ष के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य का नाम चर्चा में था। ऐसे में अब इन नामों पर हाईकमान ने मुहर लगा दी।












Click it and Unblock the Notifications