उत्तराखंड में अब सीएम हेल्पलाइन 1905 पर होगी 24 घंटे शिकायत दर्ज, सीएम ने कहा-माह में दो बार समीक्षा होगी
उत्तराखंड में सीएम हेल्पलाइन 1905 पर 24 घंटे शिकायत दर्ज करने की सुविधा मिलेगी। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सीएम हेल्पलाइन 1905 के नए प्रारूप का शुभारंभ किया है।

उत्तराखंड में अब सीएम हेल्पलाइन 1905 पर 24 घंटे शिकायत दर्ज करने की सुविधा मिलेगी। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने लोगों की सुविधा को देखते हुए सीएम हेल्पलाइन 1905 के नए प्रारूप का शुभारंभ किया है। साथ ही सीएम ने निर्देश दिए हैं कि हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की माह में दो बार समीक्षा होगी।
शिकायतों को ऑनलाइन किया जाएगा
शिकायतों का तहसील व जनपद स्तर पर निस्तारण करने के सीएम ने निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही तहसील दिवसों पर प्राप्त शिकायतों को ऑनलाइन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रतिमाह पहले व तीसरे मंगलवार को तहसील जन समर्पण दिवस के आयोजन के निर्देश दिए हैं।
वेब पोर्टल, मोबाइल एप एवं ऑडियो कॉल रिकॉर्डिंग फीचर की सुविधा
सीएम हैल्प लाईन 1905 के नये वर्जन में 1905 डायल करने के अलावा वेब पोर्टल, मोबाइल एप एवं ऑडियो कॉल रिकॉर्डिंग फीचर की सुविधा भी दी गई है। अब 24 घंटे सीएम हेल्पलाइन 1905 पर मदद लिये जाने के साथ शिकायत भी दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। सीएम ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन 1905 से लोगों को अधिक से अधिक जागरूक किया जाय।
गुड गवर्नेंस हमारा उत्तरदायित्व
यह सुनिश्चित किया जाए कि जन समस्याओं एवं शिकायतों के निस्तारण के लिए बनाये गये इस हेल्पलाईन का लाभ आमजन को मिले। उन्होंने कहा कि गुड गवर्नेंस हमारा उत्तरदायित्व है। सरलीकरण, समाधान, निस्तारण एवं संतुष्टि का जो सरकार का उद्देश्य है, उसमें सीएम हेल्पलाइन 1905 महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त एप 1064 को और सशक्त बनाया जाए।












Click it and Unblock the Notifications