38 KM पैदल दूरी तय कर CEC के पास कैसे पहुंचे ग्रामीण,राजीव कुमार ने पत्र लिखकर जानिए क्या सुनाई दास्तां
Chief Election Commissioner Rajiv Kumar: मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने पिथौरागढ़ के रालम गांव के ग्रामीणों का सेवा,आतिथ्य और समर्पण के लिए पत्र लिखकर आभार प्रकट किया है। इसके साथ ही मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने आईटीबीपी के जवानों की भी सराहना की है।
सीईसी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम को पत्र लिखकर यह जानकारी दी है। पत्र में सीईसी ने बताया कि कैसे रालम गांव के लोगों ने उनके लिए अपनी जान की परवाह किए बिना 38 किमी. से अधिक पैदल दूरी तय की।

बताया कि रालम का शीतकालीन प्रवास पातौं गांव के ईश्वर सिंह नबियाल,सुरेन्द्र कुमार,भूपेन्द्र सिंह ढकरियाल क्षेत्र की विषम भौगोलिक परिस्थिति एवं लगातार हो रही वर्षा हिमपात जैसी मौसम की प्रतिकूलता के बावजूद अपनी जान की परवाह किए बिना 38 किमी. से अधिक पैदल दूरी के पहाड़ी अति दुर्गम रास्तों से चलकर रात्रि में लगभग एक बजे जीवन रक्षक सामग्री/खाद्य सामग्री सहित ग्राम-रॉलम पहुंचे।
तीन सदस्यीय दल देवदूत बनकर पहुंचा
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने अपने पत्र में लिखा है कि "कहावत है कि 'डूबते को तिनके का सहारा, हम सबके साथ यह कहावत उस समय चरितार्थ हुई जब यह तीन सदस्यीय दल देवदूत बनकर ग्राम-रॉलम पहुंचा। इस दल के साथ उनका पालतू श्वान भी था जो दल में चौथे सुरक्षा कवच की भूमिका निभा रहा था।
सेवा समर्पण की तारीफ़
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने रॉलम वासियों की सेवा समर्पण की तारीफ़ करते हुए लिखा कि "सभी युवा देवदूतों ने मानवता के उच्च आदर्शों का पर्याय बनते हुए हम सब की जीवन रक्षा के लिए इस दिन को अविस्मरणीय यादों में अलंकृत कर दिया। आपदा प्रबंधन में स्थानीय निवासियों की भागीदारी की इस मिसाल को "as a first responder" की पॉलिसी को प्रशासन सशक्त रूप से अपनायेगा, स्थानीय निवासियों को प्रेरित एवं सम्मानित करेगा, ऐसा मेरा विश्वास है।
16 अक्टूबर की है घटना
मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार बीते 16 अक्टूबर को पिथौरागढ़ जिले के 42-धारचूला विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ एवं हाई- एल्टीट्यूड मतदान स्थलों में शामिल ग्राम मिलम, मरतोली, गनघर एवं पांछू आदि में निर्वाचन प्रक्रिया के संचालन एवं संपादन के संबंध में धरातलीय अध्ययन के लिए प्रवास के लिए आए थे। भ्रमण के दौरान मौसम की खराबी के कारण मुख्य निर्वाचन आयुक्त की पिथौरागढ़ जिले के मुन्स्यारी तहसील स्थित रॉलम गांव में दोपहर लगभग 12.30 बजे पायलट द्वारा हैलीकॉप्टर की एहतियातन लैंडिंग की गई।












Click it and Unblock the Notifications