Char dham yatra: ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन को लेकर धामी सरकार का बड़ा फैसला, अब मिलेगी ये सुविधा
चारधाम यात्रा के लिए आ रहे श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए धामी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की संख्या को 1500 से बढ़ाकर 2000 प्रतिदिन किया गया है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने आज हरिद्वार पहुंचकर यात्रियों की समस्याओं को सुनने के बाद रजिस्ट्रेशन संख्या बढ़ाने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रद्धालुओं से बातचीत भी की और उनकी समस्याएं सुनीं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून में चार धाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुये श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत मुख्यमंत्री ने हरिद्वार व ऋषिकेश में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की संख्या को 1500 से बढ़ाकर 2000 प्रतिदिन किये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिये हैं।
उन्होंने कहा चारधाम यात्रा को सुगम व सुरक्षित बनाना हमारा उद्देश्य है। इस व्यवस्था से जुड़े सभी अधिकारी प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। गर्मी के मौसम में भक्त सुबह सुबह लाइन में लग कर अपनी बारी का इन्तजार कर रहे हैं। चारधाम यात्रा में तमाम व्यवस्था को ठीक और दुरुस्त करने के लिए मुख्यमंत्री ने कई तरह के सुझाव दिए हैं। साथ ही प्रदेश में पेयजल की कमी को दूर करने के लिये प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिये।
उन्होंने कहा जल संचय एवं जल संवर्द्धन के प्रति संजीदगी के साथ योजना बनाने पर ध्यान दिया जाये. इसे जन आंदोलन के रूप में संचालित करने के लिये आम जनता को इससे जोड़ने के प्रयास करें। इसके लिए मुख्यमंत्री ने जल संचय, जल संवर्धन तथा भू-जल स्तर में सुधार के लिये बनायी जाने वाली कार्ययोजना के लिये सचिव शैलेश बगोली तथा विशेष सचिव पराग मधुकर धकाते को नोडल अधिकारी नामित किये जाने के भी निर्देश दिये हैं.
उत्तराखंड में बीते 10 मई से चार धाम यात्रा का संचालन हो रहा है। अब तक 15 लाख श्रद्धालुओं ने चार धाम यात्रा कर ली है। सरकार ने पंजीकरण की समस्या को देखते हुए ऋषिकेश व हरिद्वार में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू किया है। जहां भारी संख्या में श्रद्धालु सुबह से ही अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। इन सभी समस्याओं को देखते हुए सीएम धामी ने पंजीकरण की संख्या को बढ़ाने का निर्णय लिया है।












Click it and Unblock the Notifications