Char Dham Yatra 2025 मोबाइल पर रियल टाइम अपडेट, एडवाइजरी भी मिलेगी, जानिए यात्रा से जुडी अब तक सारी जानकारी
Char Dham Yatra 2025 उत्तराखंड की चार धाम यात्रा का श्रीगणेश 30 अप्रैल से होने जा रहा है। इसके लिए तैयारियां जारी हैं। यात्रा से जुड़े हर विभाग अपने स्तर से तैयारियों को पूरा करने में जुटे हैं। श्रद्धालुओं को रियल टाइम अपडेट के साथ ही क्या करें या न करें को लेकर भी अपडेट करने की तैयारी की जा रही है।
यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन जारी है। अब ऑफलाइन पंजीकरण भी यात्रा शुरू होने से एक सप्ताह पहले शुरू होंगे। ऋषिकेश, हरिद्वार, विकासनगर, हर्बटपुर व नया गांव में ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा होगी। यात्रा के लिए अभी तक कुल 17,76058 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।

प्रदेश सरकार दो से 31 मई की अवधि के दौरान प्रोटोकॉल के तहत वीआईपी अतिथियों से यात्रा में न आने का अनुरोध कर चुकी है। इस संबंध में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की ओर से सभी राज्यों के मुख्य सचिव को पत्र भेज कर वीआईपी के यात्रा से बचने का आग्रह किया गया।
इस बीच पर्यटन विभाग ने यात्रा के लिए कंट्रोल रूम शुरू किया है। जहां देश भर से रोजाना औसतन 638 कॉल आ रही है। 20 मार्च से रजिस्ट्रेशन ओपन होते ही कंट्रोल रूम शुरू हो गया था। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद का कंट्रोल रूम अब दिन-रात व्यस्त है। यहां पर रह-रहकर फोन की घंटी बज रही है।
देश भर से औसतन 638 लोग रोजाना कंट्रोल रूम में संपर्क कर यात्रा से जुड़ी जानकारी ले रहे हैं। अभी तक 17,853 लोग कंट्रोल रूम से संपर्क कर चुके हैं। उत्तराखंड की चार धाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 20 मार्च से शुरू हुई है। इसी दिन से कंट्रोल रूम ने भी काम करना शुरू कर दिया है।
char Dham Yatra 2025
पहले दिन 20 मार्च को को सबसे ज्यादा 1032 लोगों ने कंट्रोल रूम में संपर्क कर जानकारी हासिल की थी। आठ अप्रैल को 961 और सात अप्रैल को 803 लोगों ने कंट्रोल रूम में संपर्क किया। सबसे कम 480 कॉल 30 मार्च को दर्ज हुईं। पर्यटन विकास परिषद के कंट्रोल रूम टोल फ्री नंबर 0135-1364 पर देश के विभिन्न हिस्सों से लगातार कॉल आ रही हैं।
पूरे समय कॉल अटैंड करने के लिए कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। ज्यादातर लोग संपर्क करके रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया, जीएमवीएन टूर पैकेज, हेली सेवाओं, कपाट खुलने की तिथियों के बारे में जानकारी मांग रहे हैं। गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) पर्यटकों के मोबाइल नंबर पर मैसेज भेज सतर्क कर रहा है। मैसेज उन लोगों तक पहुंच रहा है, जो ऑनलाइन माध्यम से जीएमवीएन के होटल व गेस्ट हाउस बुक कर रहे हैं। इसमें सबसे महत्वपूर्ण मैसेज यात्रा के दौरान सेल्फी लेने से बचना है।












Click it and Unblock the Notifications