Char Dham Yatra 2025 में धामी सरकार की नई पहल, अब श्रद्धालुओं को मिलेगी हाई स्पीड वाई-फाई की सुविधा
Char Dham Yatra 2025: उत्तराखंड सरकार और जिला प्रशासन लगातार यह प्रयास कर रहे हैं कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की चारधाम यात्रा को सुखद, सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ने इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
इसी क्रम में रुद्रप्रयाग जिले में एक अभिनव तकनीकी सुविधा की शुरुआत की गई है, जो न केवल आम समय में बल्कि आपदा की स्थिति में भी अत्यंत उपयोगी साबित होगी।

Char Dham Yatra 2025: 'डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर रिसोर्स नेटवर्क' की शुरुआत
रुद्रप्रयाग जिले के जिलाधिकारी सौरभ गहरवार की पहल पर "डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर रिसोर्स नेटवर्क" नामक एक अलग मोबाइल नेटवर्क की स्थापना की गई है। यह नेटवर्क ना सिर्फ आपदा के समय में निरंतर संचालित रहेगा, बल्कि इसमें मोबाइल डाटा, वॉइस कॉलिंग, उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी विजुअल्स और वाई-फाई जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
इस नेटवर्क के तहत रुद्रप्रयाग में चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को अब मुफ्त हाई-स्पीड वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती ने बताया कि इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए श्रद्धालुओं को अपने मोबाइल की वाई-फाई सेटिंग्स में जाकर मोबाइल नंबर के जरिए रजिस्ट्रेशन करना होगा। ओटीपी भरने के बाद उन्हें आधे घंटे के लिए हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा निशुल्क मिलेगी।
Char Dham Yatra 2025: श्रद्धालुओं की सुविधा में बड़ा कदम
जुलाई 2024 में केदारनाथ पैदल मार्ग पर आई आपदा के समय जब अन्य सभी मोबाइल नेटवर्क ठप हो गए थे, उस समय यह विशेष नेटवर्क जीवन रेखा बनकर सामने आया। इसके जरिए न केवल फंसे यात्रियों और श्रमिकों ने अपने घरों से संपर्क साधा, बल्कि राहत और बचाव कार्यों में भी इसे अत्यंत प्रभावी माना गया।
शनिवार को इस सुविधा का सफल परीक्षण किया गया और इसके बाद इसे औपचारिक रूप से श्रद्धालुओं को समर्पित कर दिया गया। बाबा के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने इस नई तकनीकी सुविधा पर प्रसन्नता जताई और सरकार एवं प्रशासन को धन्यवाद दिया। रुद्रप्रयाग ऐसा पहला जिला बन गया है जहां का खुद का एक पूर्ण मोबाइल नेटवर्क है।
Char Dham Yatra 2025: चारधाम यात्रा 2025 की शुरुआत और तैयारियां
चारधाम यात्रा 2025 की शुरुआत 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ हुई। इस दिन गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। 2 मई को केदारनाथ धाम के कपाट भी विधिवत रूप से खोले गए।
इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं केदारनाथ पहुंचे और मुख्य सेवक भंडारा परिसर में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए हैं।
Char Dham Yatra 2025: 22 लाख से अधिक श्रद्धालु अब तक कर चुके हैं पंजीकरण
चारधाम यात्रा के लिए ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप में अब तक 22 लाख से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। चारधाम यात्रा का मार्ग हर साल गर्मियों में शुरू होता है और उत्तराखंड में यह तीर्थ यात्रा का चरम समय होता है। इस पवित्र यात्रा में यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ जैसे प्रमुख तीर्थ शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications