Caste Census: CM धामी बोले-ऐतिहासिक व दूरगामी सोच, BJP अध्यक्ष भट्ट ने राहुल गांधी और विपक्ष के लिए सबक बताया
केंद्र की मोदी सरकार ने जातीय जनगणना को मंजूरी दे दी है। जिसके अपने अपने तरीके से मायने निकाले जा रहे हैं। सरकार के इस फैसले को लेकर बयानबाजी भी शुरू हो गई है। उत्तराखंड के सीएम धामी ने इस फैसले को ऐतिहासिक और दूरगामी सोच बताया है। जबकि सांसद और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने जातीय जनगणना का राग अलापने वाले राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं के लिए एक सबक बताया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी और समावेशी नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा जनगणना के साथ-साथ जातीय जनगणना के निर्णय को स्वीकृति देना एक ऐतिहासिक और दूरगामी सोच का परिचायक है।

उन्होंने कहा कि यह निर्णय न केवल सामाजिक न्याय की भावना को बल देगा बल्कि देश की विविधतापूर्ण संरचना को समझने और सभी वर्गों के संतुलित विकास हेतु ठोस नीति निर्माण में भी सहायक सिद्ध होगा। भाजपा ने जातिगत जनगणना पर ऐतिहासिक फैसला के लिए पीएम मोदी का प्रदेशवासियों की तरफ से आभार व्यक्त किया है।
प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने खुशी जताते हुए, इसे समाज बांटने की राजनीति करने वालों के मुंह पर करारा तमाचा और प्रत्येक वर्ग के विकास में बड़ा बदलाव लाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जातीय जनगणना का यह फ़ैसला ऐतिहासिक और देशवासियों का दिल जीतने वाला है। समूचा दलित, आदिवासी पिछड़ा, सर्वसमाज समेत समाज का प्रत्येक वर्ग उनके इस फ़ैसले का हृदय से स्वागत करता है।
उन्होंने इसे दशकों के इंतज़ार को समाप्त कर, एकजुटता से सबको समर्थ बनाने वाला कहा। वहीं जोर देते हुए कहा कि जाति जनगणना को राष्ट्रीय जनगणना के साथ जोड़ने का यह निर्णय देश में समावेशी विकास की दिशा में बड़ा बदलाव लेकर आयेगा। इसके धरातल पर उतरने से नीतियों को अधिक न्यायसंगत और लक्षित बनाने में मदद मिलेगी। जिससे वंचित तबकों को सशक्त करने की दिशा में ठोस जानकारी और आधार मिलेगा।
वहीं उन्होंने इसे जातीय जनगणना का राग अलापने वाले राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं के लिए भी एक सबक बताया, जिन्होंने दशकों तक सत्ता में रहने पर भी कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि इस कदम से ऐसे लोगों की राजनीति पर भी पूर्ण विराम लग जाएगा, जो समाज को जातियों में बांटकर देश कमजोर और स्वयं को मजबूत करने की साजिश में जुटे रहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications