बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में ऑनलाइन पूजा के लिए बुकिंग शुरू, जानिए कहां और कैसे करें बुक
kedarnath badrinath news: चार धाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। यात्रा 30 अप्रैल से शुरू हो रही हैं। केदारनाथ के 2 मई और बदरीनाथ के 4 मई को कपाट खुलेंगे। ऐसे में धामों में पूजा के लिए आन लाईन बुकिंग शुरू हो गई है।
श्री बदरीनाथ धाम एवं श्री केदारनाथ धाम में होने वाली पूजाओं की ऑनलाइन पूजा बुकिंग आज से मंदिर समिति की आधिकारिक वेबसाइट www. badrinath- kedarnath. gov. in पर शुरू हो गयी है। श्री बदरीनाथ - केदारनाथ मंदिर समिति( बीकेटीसी) मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने यह जानकारी दी है।

बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी बताया कि इस यात्रा वर्ष श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 4 मई तथा श्री केदारनाथ धाम के कपाट 2 मई को खुल रहे है। तीर्थयात्री मंदिर समिति की वेबसाइट से श्री बदरीनाथ तथा श्री केदारनाथ धाम में होनेवाली प्रातःकालीन, सांयकालीन, तथा लंबी अवधि की पूजाओं की बुकिंग 30 जून की अवधि तक के लिए बुक कर सकते है।पूजाओं हेतु शुल्क पूर्व की भांति रखा गया है। उसमें कोई भी बढ़ोतरी नही की गयी है।
बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने अवगत कराया है कि श्री बदरीनाथ धाम की पूजाओं में अभिषेक, महाभिषेक पूजा, वेदपाठ, गीता पाठ, विष्णुसहस्त्रनाम पूजा,चांदी आरती, स्वर्ण आरती, गीत गोविंद पाठ शयन आरती शामिल है।
इसी तरह भगवान केदारनाथ जी की पूआओं में रुद्राभिषेक पूजा,लघु रूद्राभिषेक महामृत्युंजय पाठ,षोडशोपचार पूजा, शायं कालीन आरती आदि शामिल है। बदरीनाथ तथा केदारनाथ धाम की आनलाइन पूजाओं के निर्धारित रेट मंदिर समिति की वेबसाइट पर देखे जा सकते है।
आज बृहस्पतिवार को मंदिर समिति द्वारा पूजाओं की बुकिंग शुरू करते श्रद्धालुओं ने वेबसाइट पर संपर्क शुरू कर दिया है। इंटरनेट कार्डिनेटर दीपेन्द्र रावत के अनुसार बदरीनाथ धाम हेतु तीस फीसदी तथा केदारनाथ हेतु बीस फीसदी पूजाये आनलाइन बुक हो रही है।
चार धाम यात्रा को लेकर राज्य सरकार ने नोडल अफसर तैनात कर दिए है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर तैयारियों का जायज़ा लेने के लिए चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग के सचिव एवं बद्रीनाथ धाम के नोडल अधिकारी डॉ. आर. राजेश कुमार ने चमोली में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में उन्होंने कमेड़ा से बद्रीनाथ तक सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया है। सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे 25 अप्रैल तक अपनी समस्त तैयारियाँ पूर्ण करें।
डॉ. राजेश कुमार ने विशेष रूप से नंदप्रयाग, कमेड़ा और पागलनाला में आगामी 15 से 20 दिनों के भीतर प्रोटेक्शन वर्क व डामरीकरण कार्य पूर्ण करने तथा नंदप्रयाग के पार्थाडीप में पुरानी गैबियन वॉल पर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने जोगीधारा में सड़क किनारे मौजूद बड़े पत्थरों को एक सप्ताह के भीतर हटाने और हाथीपहाड़ के पास गैबियन वॉल का निर्माण जून माह तक पूर्ण करने को कहा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव स्वयं चारधाम यात्रा की तैयारियों की निरंतर मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इस वर्ष की यात्रा को "हरित चारधाम" के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है, जिसके तहत सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया गया है। सभी विभागों को इसके लिए डिस्पोजल प्लान तैयार करने को कहा गया है।
डॉ. राजेश कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील करते हुए नमक, चीनी और तेल के उपयोग में 10% की कमी लाने की सलाह दी।
मुख्य चिकित्साधिकारी को यात्रा मार्गों पर मेडिकल रिलीव पोस्ट की स्थापना हेतु स्थान चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं बद्रीनाथ में दीर्घकालिक पेयजल आपूर्ति के लिए जल संस्थान को दीर्घकालिक योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। माणा एवलांच रेस्क्यू ऑपरेशन के सफल संचालन के लिए उन्होंने जिला प्रशासन की सराहना की।












Click it and Unblock the Notifications