केदारनाथ उपचुनाव में मिली जीत पर भाजपा ने निकाला विजय जुलूस, कांग्रेस के आरोप,सीएम धामी ने क्या कहा
केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को मिली जीत के बाद उत्तराखंड भाजपा में जश्न का माहौल है। जीत की खुशी में देहरादून में भाजपा ने विजयी जुलूस निकाला। जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का सम्मान किया गया।
भाजपा ने सर्वे चौक से बीजेपी मुख्यालय तक यह विजयी जुलूस निकाला गया।
Recommended Video
इस दौरान भाजपा मुख्यालय में मुख्यमंत्री धामी का अभिन्नंदन किया गया। मुख्यमंत्री ने केदारनाथ की जनता का आभार व्यक्त किया है। साथ ही कहा कि केदारनाथ की ऐतिहासिक जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीत है साथ ही विकास पर जनता की एक मुहर भी है।

इस दौरान उन्होने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने कांग्रेस के दुष्प्रचार को नकारा है। सीएम ने कहा कि केदारनाथ विधानसभा में हमें मिली ये जीत जनता की जीत है, हमारी ये जीत संगठन की जीत है, हमारी ये जीत कार्यकर्ताओं की जीत है, हमारी ये जीत मोदी जी की जीत है, हमारी ये जीत विकास की जीत है, हमारी ये जीत राष्ट्रवाद की जीत है और हमारी ये जीत सनातन की जीत है। इतना ही नहीं हमारी ये जीत क्षेत्रवाद की हार है, हमारी ये जीत जातिवाद की हार है और हमारी ये जीत मुझ पर और मेरी सरकार पर विपक्ष द्वारा लगाए गए झूठे और बेबुनियाद इल्जामों की भी हार है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस ने अनर्गल बयानबाजी करके केदारनाथ की यात्रा को प्रभावित करने का प्रयास किया और कांग्रेस झूठे विषयों को लेकर जनता के बीच गई। आज बड़ा तमाचा केदारनाथ की जनता ने कांग्रेस को दिया है। केदारनाथ की जनता ने जो विश्वास दिखाया है वो नजीर के रूप में है और अब आगामी समय में प्रदेश में जितने में चुनाव होंगे वो सब भारतीय जनता पार्टी इसी तरीके से जीतेगी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने बयान जारी कर कहा कि केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव में नामांकन के दिन से ही भारतीय जनता पार्टी ने जमकर के तंत्र का दुरुपयोग किया हम लगातार आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत चुनाव आयोग से करते रहे लेकिन भाजपा के खिलाफ कोई भी कार्रवाई देखने को नहीं मिली। चुनाव के आखिरी दो दिनों में भारतीय जनता पार्टी ने घर-घर पैसा और शराब पार्टी रुद्रप्रयाग में भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य की गाड़ी में खुलेआम दारू पकड़ी गई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसका लाइव प्रसारण भी किया, लेकिन उसके बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई इससे साबित होता है कि प्रशासन ने जमकर भाजपा प्रत्याशी का साथ दिया।
करन माहरा ने कहा कि केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव मुख्यमंत्री और भाजपा की प्रतिष्ठा से जुड़ा हुआ चुनाव था इसीलिए भाजपा ने एक और जहां तंत्र और धन का पूरा - पूरा दुरुपयोग किया वहीं दूसरी ओर भाजपा सत्ता विरोधी वोटो को बांटने में सफल रही जिसका लाभ भाजपा प्रत्याशी को मिला।
अगर बीजेपी विरोधी वोटो को एकजुट करके देखा जाए तो जनादेश स्पष्ट तौर पर भाजपा के खिलाफ है लेकिन लोकतंत्र में अंतोगत्वा जनता जनार्दन के अंतिम फैसले को ही माना जाता है ,और हम केदारनाथ की जनता के जनादेश को स्वीकार करते हैं, और इसके साथ ही प्रतिबद्धता व्यक्त करते हैं कि केदार घाटी के विकास , तीर्थ पुरोहितों और हक हकूकदारियों के हक की लड़ाई वहां के व्यापारियों की समस्याओं घोड़े खच्चर डांडी- कठी वालों के हितों और बेटियों की सुरक्षा और छोटे-छोटे कारोबारी की लड़ाई को हम पुरजोर तरीके से लड़ते रहेंगे ,भविष्य में भाजपा विरोधी वोटो का बटवारा ना हो इस पर भी रणनीति बनाई जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications