चुनावी रैली में मंच से भावुक हो गए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट,रूंधे गले से कही ये बात, वीडियो वायरल
उत्तराखंड में पांचों सीटों पर पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होना है। प्रचार अब अपने आखिरी दौर में है। ऐसे में सियासी दलों ने मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए हर हथकंड़े अपना लिए हैं। इतना ही नहीं प्रचार के अंतिम दौर में भावुक होकर भी वोट मांगने का प्रयास किया गया है।

ऐसा ही एक मामला जोशीमठ से सामने आया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट जनता से वोट की अपील करते हुए भावुक हो गए और रूंधे गले से अपनी बात खत्म की। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी महेंद्र भट्ट का हाथ पकड़ा और उन्हें शांत कराया। ये वीडियो अब सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है।
जोशीमठ में भाजपा की चुनावी रैली में गढ़वाल सीट से प्रत्याशी अनिल बलूनी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट मंच पर पहुंचे। सभी ने जनता से भाजपा के पक्ष में वोट की अपील की। इसी बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भावुक होकर रो पड़े।
उन्होंने जनता से कहा कि यह उनकी साख का सवाल है, इसलिए जोशीमठ की जनता को मेरे लिए पार्टी को वोट देना होगा। संबोधन खत्म होते ही जैसे ही महेंद्र भट्ट मंच पर बैठे, सीएम धामी ने उनका हाथ पकड़ा और साहस दिलाया इसके बाद उन्होंने भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी और महेंद्र भट्ट के बीच संवाद कराकर माहौल हल्का करने की कोशिश की।
इस बीच महेंद्र भट्ट के वीडियो को देखकर कांग्रेस के गढ़वाल प्रत्याशी गणेश गोदियाल ने कहा कि रोने की वजह से वोट नहीं मिलने वाले। गोदियाल ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जोशीमठ में घड़ियाली आंसू बहा रहे थे, लेकिन इनकी आंखों में तब आंसू नहीं आये जब जोशीमठ में लोग बेघर हो रहे थे और रो रहे थे। तब वो हमारे लोगों को माओवादी बता रहे थे। आज हार के डर से वो आंसू बहा रहे हैं, लेकिन गढ़वाल की जनता समझदार है।
जोशीमठ में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट जनता से वोट की अपील करते हुए भावुक हो गए और रूंधे गले से अपनी बात खत्म की। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी महेंद्र भट्ट का हाथ पकड़ा और उन्हें शांत कराया। pic.twitter.com/XIdtt3e0u0
— pavan nautiyal (@pavannautiyal) April 17, 2024












Click it and Unblock the Notifications