देवभूमि में भाजपा के संगठन पर्व का हुआ शुभारंभ, सीएम धामी ने मिस्ड कॉल के जरिए ली सदस्यता
उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी की सदस्यता के साथ भाजपा ने संगठन पर्व का शुभारंभ किया। इस मौके पर सीएम ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी और सबसे लोकतांत्रिक राजनैतिक दल के इस अभियान से 10 करोड़ नए सदस्यों की लक्ष्य प्राप्ति में हमे अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देना है।
पार्टी मुख्यालय में आयोजित संगठन पर्व की शुरुआत आज प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को मिस्ड कॉल से प्राथमिक सदस्यता दिलाने से हुई । इस अवसर पर सीएम धामी ने कहा कि सदस्यता का यह अभियान बेहद शानदार एवं सफल होने जा रहा है।

उन्होंने पीएम मोदी के ऐतिहासिक एवं साहसिक कामों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस संगठन पर्व में हम सबको मिलकर, अधिक से अधिक लोगों को भाजपा परिवार में शामिल कर पार्टी को अधिक सशक्त बनाना है। हम सभी को विश्व की सबसे बड़ी और सबसे लोकतांत्रिक पार्टी के सदस्य बनने का सौभाग्य मिल रहा है, लिहाजा पार्टी की परिपाटी अनुसार प्रत्येक सदस्य का अपने परिवार की तरह ध्यान रखना है ।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रदेश के एक एक व्यक्ति तक पहुंचना है और पार्टी की प्राथमिकता सदस्यता लेने का अनुरोध करना है। हमे घर घर जाकर पार्टी के विचार और सरकार के कामों को भी पहुंचाना है। इस सदस्यता अभियान में सबका प्रयास होना चाहिए जहां तक हम पहले नही पहुंच पाए उन तमाम वर्गों, समाजों एवं क्षेत्रों को हमे पार्टी से जोड़ना है।
गौरतलब है कि प्रदेश अध्यक्ष को राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कल सदस्यता दिलाई थी । उसके उपरांत प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी और प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी को सदस्यता दिलाकर सदस्यता कार्ड भेंट किए । साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को मिस्ड कॉल से सदस्यता दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन करने वाले सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक कुलदीप कुमार ने बताया कि कल प्रदेश के सभी 19 संगठनिक जिलों में सदस्यता अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा ।












Click it and Unblock the Notifications