सुल्तानपुर का नाम बदलकर कुशभवनपुर करने की मांग, बीजेपी विधायक ने सीएम योगी को लिखा पत्र
नई दिल्ली, 29 अगस्त: उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा के चुनाव हैं। ऐसे में इन दिनों कई शहरों के नाम बदलने की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ दिनों पहले अलीगढ़ जिला पंचायत ने राज्य सरकार को एक प्रस्ताव भेजा था, जिसमें जिले का नाम बदलकर हरिगढ़ रखने की मांग की गई। हालांकि विपक्षी दलों ने इसका काफी विरोध किया था। अब इसी तरह की मांग सुल्तानपुर से उठी है, जहां बीजेपी विधायक ने सीधे सरकार को इस संबंध में पत्र लिखा है।

दरअसल लंबे वक्त से सुल्तानपुर जिले का नाम बदलकर कुशभवनपुर करने की मांग हो रही थी। अब लम्भुआ विधानसभा से बीजेपी विधायक देवमणि द्विवेदी ने भी इस मांग का समर्थन किया है। उन्होंने इसके लिए सीएम योगी आदित्यनाथ को एक पत्र भी लिखा। पत्र में उन्होंने लिखा कि माननीय मुख्यमंत्री जी, आपको अगवत कराना है कि विदेशी आक्रमणकारियों ने जबरन कुशभवनपुर/कम्पू का नाम बदलकर सुल्तानपुर कर दिया था। ऐसे में जनभावना को देखते हुए उसका मूल नाम कुशभवनपुर वापस करने की घोषणा करने की कृपा करें।
पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विधायक ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि ये नाम विदेशी आक्रमणकारियों ने जबरन हम पर थोपा है। जब भी इलाके के लोग ये नाम लेते हैं, तो उनको गुलामी की याद आती है। ऐसे में उन्होंने सरकार के सामने ये मुद्दा उठाया है। साथ ही सीएम को एक पत्र भी भेजा है। सरकार से उनको आश्वासन मिला है कि इस मामले को जल्द ही देखा जाएगा।
नए नाम के पीछे ये दावा
भगवान राम का जन्म अयोध्या में हुआ था। वनवास से आने के बाद उन्होंने अयोध्या में ही राजपाट संभाला। उनके दो बेटे लव और कुश थे। कहा जाता है कि कुश ने अयोध्या से 60 किलोमीटर दूर एक नगर को बसाया था, जिसे उनके नाम के आधार पर कुशभवनपुर नाम दिया गया। सीता माता ने वहां के एक घाट पर रुककर स्नान भी किया था, ऐसे में इस घाट को सीताकुंड घाट बोला जाता है। सुल्तानपुर के गजेटियर में भी इस बात का उल्लेख है कि इसका नाम कुशभवनपुर ही था। बाद में मुगलों ने नाम बदलकर सुल्तानपुर कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications