उत्तराखंड में कैबिनेट विस्तार से पहले BJP को मिल सकता है नया प्रदेश अध्यक्ष, मुखिया की रेस में ये नाम
उत्तराखंड में कैबिनेट विस्तार से पहले भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल सकता है। इसको लेकर अटकलें तेज हो गई है। भाजपा ने मंडल अध्यक्ष के बाद जिलाध्यक्षों की भी घोषणा कर दी है। अब प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा होनी है। इसके लिए दिल्ली से ही नाम तय होगा।
भाजपा का एक पक्ष महेंद्र भट्ट को ही रिपीट करने का दावा कर रहा है। लेकिन जिस तरह से प्रेमचंद अग्रवाल प्रकरण में भट्ट ने बयानबाजी की और महेंद्र भट्ट भी विपक्ष के निशाने पर हैं। ऐसे में अब महेंद्र भट्ट का कार्यकाल रिपीट होने की उम्मीद कम ही लग रही है।

पार्टी ने सभी समीकरणों को साधने की कोशिश की तो प्रदेश अध्यक्ष गढ़वाल से ब्राह्रमण चेहरा ही होगा। हालांकि भाजपा हर बार चौंकाती है, तो ऐसे में इस बार किसी वर्ग विशेष को भी प्रतिनिधित्व देने की बात की जा रही है। जिसमें देहरादून की राजपुर सीट से एमएलए एससी वर्ग के खजानदास का नाम सबसे तेजी से लिया जा रहा है।
इसके अलावा देहरादून से विनोद चमोली को भी अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा हो रही है। विनोद चमोली वर्तमान में देहरादून जिले की धर्मपुर विधानसभा से विधायक और देहरादून के तीन बार मेयर भी रह चुके है। विनोद चमोली के अलावा आदित्य कोठारी का नाम उत्तराखंड बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की रेस में है। जो वर्तमान में महामंत्री हैं। संगठन के पुराने जानकार और दायित्वधारी ज्योति प्रसाद गैरोला का नाम भी रेस में हैं।
अगर पार्टी किसी महिला चेहरे को कुर्सी सौंपने पर विचार करती है। तो दीप्ति रावत और केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल भी दावेदार मानी जा रही हैं। प्रदेश अध्यक्ष के लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी की पसंद को भी पार्टी तरजीह दे सकती है। किसी विधायक को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपने से सीएम को मंत्रिमंडल में संतुलन बिठाने में कोई परेशानी नहीं होगी। ऐसे में देहरादून जिले से जिन दो विधायकों को प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी सौंपने की बात हो रही हैं। वे दोनों मंत्री के रेस में भी हैं। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद ही मंत्रिमंडल का विस्तार होना तय है।












Click it and Unblock the Notifications