उत्तराखंड में भाजपा की शहीद सम्मान यात्रा से पहले हरीश रावत ने चला दशहरे का दांव, जानिए पूरा मामला
हरीश रावत ने दशहरे के दिन सभी कांग्रेसियों को सैन्य सम्मान को समर्पित करने का किया ऐलान
देहरादून, 9 अक्टूबर। उत्तराखंड में सैनिक और उनके परिवारों को रिझाने के लिए राजनैतिक दल सियासी गणित बिढ़ाने में जुटे हैं। प्रदेश में 4.5 लाख से ज्यादा सैनिकों से जुड़े परिवारों को सभी दल अपने-अपने पक्ष में करने में जुटे हैं। सबसे पहले आम आदमी पार्टी ने रिटायर्ड कर्नल को सीएम कैंडिडेट डिक्लेयर किया। प्रदेश भर में अब शहीद सम्मान यात्रा निकाली जा रही है। कांग्रेस ने इसका काउंटर करने के लिए हर सैनिक परिवार को सम्मानित करने की बात की है।

पीएम ने भी संबोधन में किया सैनिकों का जिक्र
आम आदमी पार्टी ने सबसे पहले कर्नल अजय कोठियाल को सीएम का प्रत्याशी बनाकर सैनिक वोटरों को साधने की कोशिश की। उसके बाद भाजपा की और से पीएम नरेंद्र मोदी ने भी अपने ऋषिकेश में अपने संबोधन में सबसे ज्यादा सैनिक वोटरों पर फोकस किया था। पीएम ने वन रैंक वन पेंशन, वॉर मैमोरियल आदि कई सैनिकों के लिए किए गए कार्यों का जिक्र किया था। अब भाजपा चुनाव से पहले इसका राजनैतिक लाभ लेने की कोशिश में है। जिसके लिए अब चुनावी साल में भाजपा ने 21 अक्टूबर से शहीद सम्मान यात्रा की शुरुआत करने जा रही है। यह गढ़वाल और कुमाऊं से अलग-अलग शुरू होगी। इसके लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 24 अक्टूबर को उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से यात्रा की शुरुआत करेंगें। इधर कांग्रेस ने भाजपा की यात्रा का काउंटर करने के लिए सैन्य सम्मान कार्यक्रम लांच किया है। जिसके तहत सैन्य परिवारों को सम्मानित करने और दशहरे के दिन सैन्य सम्मान को समर्पित करने का ऐलान किया है।

हर कांग्रेसी को सैन्य सम्मान कार्यक्रम में जुड़ने की करी अपील
कांग्रेस ने चुनावी साल में दशहरे को खास तरीके से मनाने की तैयारी की है। जिसमें सैनिक परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। कांग्रेस के चुनाव अभियान समिति के प्रमुख हरीश रावत ने कहा कि सभी कांग्रेसजनों को चुनाव अभियान का अपने-अपने स्तर पर संयोजक घोषित किया गया है। कांग्रेसी जहां जिस स्तर पर भी हैं, सभी संयोजक हैं। हरीश रावत ने कहा कि हर कांग्रेसी का पहला दायित्व है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा घोषित सैन्य सम्मान कार्यक्रम जिसके तहत शहीद परिवारों, पूर्व सैनिकों जिनमें पैरा के लोग भी सम्मिलित हैं और सेवारत सैनिकों के परिवारों को सम्मानित करना। जिसमें अंग-वस्त्र और फूल माला लेकर उनके घर जाना है और उस घर प्रणाम कर उनको सम्मानित करना है। हरीश रावत का कहना है कि इंदिरा गांधी के नेतृत्व में एक अभूतपूर्व विजय, दुनिया के नक्शे पर एक नये देश का विलय हुआ तलवार की शक्ति से इसलिये इस अभियान को आपको शक्तिरूपा दुर्गा की इन नवरात्रियों में करना है। हरीश रावत ने कांग्रेसियों का आहृवान करते हुए कहा कि सभी लोगों को और सैन्य परिवारों को सम्मानित करेंगे और दशहरे के दिन सैन्य सम्मान को समर्पित कर भारत की सैन्य पराक्रम को प्रणाम करेंगे और दशहरे को मनाएंगे भी।

भाजपा एक माह तक निकालेगी यात्रा
उत्तराखंड में सैनिक वोटर भाजपा का कैडर वोट रहा है। ऐसे में चुनावी साल में भाजपा ने भी प्रदेशभर में शहीद सम्मान यात्रा निकालने का ऐलान किया है। उत्तराखंड में 21 अक्टूबर से भाजपा शहीद सम्मान यात्रा निकालेगी। शहीद सम्मान यात्रा 21 अक्टूबर को गढ़वाल के सवाड़ गांव से और 24 अक्टूबर को कुमाऊं में पिथौरागढ़ के मूनाकोट से शुरू होगी। 21 अक्टूबर को रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट इसकी शुरुआत करेंगे और 24 अक्टूबर को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पिथौरागढ़ से इसका शुभारंभ करेंगे। 27 नवंबर को यात्रा देहरादून में पूरी होगी। भाजपा राज्य भर के 1734 शहीद परिवारों से मिलकर उनके घरों में जाएंगे। उन्हें सम्मानित करने के बाद उस घर की पवित्र मिट्टी को कलश में लेकर देहरादून लाया जाएगा। वह पवित्र मिट्टी सैन्य धाम के निर्माण में इस्तेमाल होगी।












Click it and Unblock the Notifications