कोटद्वार में बाबा दुकान विवाद: नहीं थम रहा मोहम्मद दीपक को लेकर बवाल, अब क्यों खड़ा हुआ नया बखेड़ा?
Baba Dukaan controversy उत्तराखंड के कोटद्वार में बाबा दुकान विवाद से सुर्खियों में आए मोहम्मद दीपक का मामला थमने का नाम नही ले रहा है। पहले मोहम्मद दीपक को जान से मारने की धमकी और अब हिंदू रक्षक दल ने कोटद्वार पहुंचने का ऐलान करने का मामला सामने आया।
हिंदू रक्षक दल के अध्यक्ष भूपेंद्र उर्फ पिंकी चौधरी ने कोटद्वार पहुंचकर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी, जिसको देखते हुए कोटद्वार पुलिस अलर्ट है। कोटद्वार में पुलिस ने बाहरी संगठनों के लोगों की एंट्री पर रोक लगाई है।लगातार दीपक सोशल मीडिया में चर्चा का विषय बना हुआ है।

बता दें कि भूपेंद्र उर्फ पिंकी चौधरी ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि 12 फरवरी को दोपहर तीन बजे हिंदू रक्षक दल कोटद्वार पहुंचेगा और दीपक के जिम के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने दीपक पर धार्मिक भावनाएं भड़काने और हिंदू समाज का उत्पीड़न करने जैसे आरोप लगाते हुए उसे 'मुंहतोड़ जवाब' देने की बात कही थी।
कोटद्वार शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों की सघन चेकिंग शुरू हुई।
इंटेलिजेंस इनपुट मिलने के बाद यूपी और हरियाणा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भूपेंद्र उर्फ पिंकी चौधरी को गाजियाबाद स्थित उनके घर पर ही रोक दिया। पिंकी चौधरी ने खुद वीडियो जारी कर कहा कि उन्हें उत्तराखंड पुलिस के इशारे पर घर से बाहर निकलने नहीं दिया जा रहा है। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके साथी फिर भी कोटद्वार पहुंचेंगे। लेकिन पुलिस ने इस मामले में लोगों से शांति व्यवस्था बनाने की मांग की है।
बता दें कि हाल ही में अज्ञात व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दीपक की हत्या करने वाले को ₹2 लाख का इनाम देने की घोषणा की, जिसके बाद से पुलिस अलर्ट हो गई। कई मुस्लिम संगठन इस समय दीपक के पक्ष में आ गए हैं। गौरतलब है कि 26 जनवरी को कोटद्वार में दुकान का नाम बाबा रखने को लेकर विवाद हुआ। कोटद्वार में एक मुस्लिम समाज के बुजुर्ग की दुकान का नाम बाबा होने पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया और नाम बदलने की मांग की।
इसी दौरान जब विवाद चल रहा था तो जिम ट्रेनर दीपक कुमार ने स्वयं को मोहम्मद दीपक बताकर बुजुर्ग दुकानदार का साथ दिया और उनके समर्थन में सामने आए। जिसके बाद दीपक को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ता भड़क गए और कोटद्वार में जमकर बवाल हुआ। दीपक की सोशल मीडिया से लेकर हर तरफ चर्चा हुई। उन्हें सोशल मीडिया में हीरो तक बताया जाने लगा। हर कोई दीपक से मिलने कोटद्वार तक पहुंचने लगे। दीपक के वीडियो भी जमकर वायरल हुए। कई संगठनों ने दीपक को सम्मानित करने की घोषणा की है। झारखंड सरकार ने दो लाख रुपए देने की घोषणा की।












Click it and Unblock the Notifications