सहायक परिवहन निरीक्षक 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार, विजिलेंस ने दबोचा,जानिए क्यों मांगी थी घूस
विजिलेंस ने हरिद्वार जिले के सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय रुड़की में तैनात सहायक परिवहन निरीक्षक को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जिसके बाद विजिलेंस ने आरोपी के आवास पर भी तलाशी की है। साथ ही अन्य स्थानों पर आरोपी के चल अचल संपत्ति के संबंध में पूछताछ जारी है।
देहरादून सतर्कता अधिष्ठान में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें व्यक्ति ने बताया कि उसके भूसे के ट्रक पंजाब से रुड़की आते हैं। परिवहन विभाग रुड़की में तैनात सहायक परिवहन निरीक्षक नीरज कुमार की ओर से रिश्वत मांगी जा रही है।

उनका आरोप था कि नीरज कुमार प्रति ट्रक से 2500 रुपए हर महीने के हिसाब से 10 हजार रुपए रिश्वत की मांग रहा है। शिकायतकर्ता ने विजिलेंस से मामले में कार्रवाई की मांग की। शिकायत के बाद विजिलेंस की टीम ने जांच की पुष्टि होने के बाद ट्रैप कर आरोपी को दबोचा।
रुड़की के सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय परिसर से सहायक परिवहन निरीक्षक नीरज कुमार को पीड़ित से 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा। इसके बाद विजिलेंस आरोपी के कार्यालय से लेकर घर तक जांच पड़ताल में जुटी है।
सतर्कता निदेशक वी मुरुगेसन ने कहा कि यदि कोई राज्य के सरकारी विभागों में नियुक्त अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के एवज में रिश्वत की मांग करता है या फिर उसने आय से अधिक अवैध संपत्ति अर्जित कर ली है तो इसकी शिकायत कर सकते हैं। इसके लिए सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 और Whatsapp नंबर 9456592300 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications