AAP का अजय पर दांव, कांग्रेस—बीजेपी में अब फेस का करंट
देहरादून, 17 अगस्त। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने बिगुल बजा दिया है। आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का ऐलान कर बीजेपी और कांग्रेस के सामने सबसे पहले सीएम का फेस लाकर चेलेंज भी खड़ा कर दिया हैा आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दून आकर कर्नल अजय कोठियाल को आप का सीएम फेस बनाने की घोषणा कर दी है। आप की इस चुनावी चाल से आने वाले दिनों में बीजेपी और कांग्रेस पर भी सीएम के फेस को लेकर दबाव बनना तय है। आप ने पहले ही उत्तराखंड में सरकार आने पर 300 यूनिट मुफ्त करने का एलान कर बीजेपी कांग्रेस में चुनावी करंट लगाया था। अब सीएम फेस को लेकर नया करंट छोड़ा है, जिसका असर आने वाले दिनों में दिखना तय है।

सर्वे के बाद चुना गया चेहरा
अरविंद केजरीवाल ने देहरादून आने से पहले सोमवार को ट्वीट के जरिए इस बात को बताया था कि उनकी घोषणा उत्तराखंड के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगी जो उत्तराखंड के विकास के लिए महत्वपूर्ण और मील का पत्थर साबित होगी। राजनैतिक गलियारों में इस बात की चर्चा लगातार होने लगी थी कि केजरीवाल कर्नल कोठियाल पर दांव खेलने जा रहे हैं। आप बीते दिनों में सीएम के फेस को लेकर सर्वे भी करा चुकी है। इसके बाद ही कर्नल के चेहरे को सीएम का फेस डिक्लेयर किया गया है।
रोड शो में दिखा उत्साह
मंगलवार को अपने तय कार्यक्रम के अनुसार 11 बजे केजरीवाल जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। जिसके बाद केजरीवाल सीधे बीजापुर गेस्ट हाउस गए। इसके बाद उन्होंने सर्वे चौक स्थित आईटीडीआर ऑडिटोरियम में पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ चुनाव की रणनीति पर चर्चा की। बाद में घंटाघर स्थित स्व. इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दिलाराम चौक तक रोड शो शुरू किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह नजर आया।
कौन है कर्नल अजय कोठियाल?
मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले कर्नल कोठियाल का जन्म 26 फरवरी 1969 को उत्तराखंड के टिहरी में हुआ था। उनकी शिक्षा देहरादून के सेंट जोसेफ स्कूल में हुई है। कोठियाल के पिता भी भारतीय सेना में थे। वर्ष 1992 में वे सेना में अधिकारी के तौर पर शामिल हुए। चौथी गढ़वाल रेजिमेंट में बतौर सैन्य अफसर उन्होंने अपना करियर शुरू किया। उन्हें कीर्ति चक्र, शौर्य चक्र और विशिष्ट सेवा मेडल सम्मान का गौरव हासिल है। कर्नल कोठियाल अविवाहित हैं।
कांग्रेस और बीजेपी के सामने चेलेंज
कर्नल अजय कोठियाल को सीएम का फेस डिक्लेयर करने के बाद बीजेपी और कांग्रेस में भी सीएम के चेहरे को लेकर अंदरूनी बहस शुरू हो गई है। मुख्य विपक्षी कांग्रेस में पहले से ही सीएम के फेस को लेकर कई बार सियासी जंग नजर आ चुकी है। इसके बाद ही केन्द्रीय हाईकमान ने पंजाब के फॉमूले के बाद उत्तराखंड में चुनाव अ भियान की कमान पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत को सौंपकर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और 4 कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाए हैं। सीएम के फेस को लेकर कांग्रेस अभी तक कुछ भी कहने से बचती नजर आ रही है। सत्ताधारी बीजेपी बीते साढ़े 4 साल में मुख्यमंत्री की कुर्सी पर 3 चेहरे ला चुकी है। ऐसे में बीजेपी किस चेहरे और सीएम के कार्यकाल के कामकाज को लेकर जनता के बीच जाएगी। इस पर अभी पार्टी कुछ भी कहने से बच रही है। जानकारों की मानें तो बीजेपी केन्द्र सरकार के कामकाज और मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ने में खुद को ज्यादा सुर क्षित महसूस करती है।
कर्नल पर क्या बोली बोजेपी-कांग्रेस
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने आप के फैसले को जल्दीबाजी में लिया गया फैसला बताया है। उन्होंने कहा कि न तो कर्नल और न हीं आप ने उत्तराखंड के मुद्दों पर अपना विजन सामने रखा है। जोशी ने कर्नल और आप को पहले पहाड़ी राज्य के मुद्दों को समझने और उनका समाधान तलाशने की सलाह दी है। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता शादाब शम्स ने कर्नल कोठियाल को आप के सीएम का चेहरा बनाने पर किसी तरह की परेशानी और दिक्कत न होने का दावा किया है। शादाब ने कहा कि बीजेपी को कर्नल नहीं अरविंद केजरीवाल से दिक्कत है जो झूठ की राजनीति कर रहे हैं, उन्होंने कहा कि केजरीवाल अपने लोगों के नहीं हो सके, वे उत्तराखंड के कैसे हो सकते है।
आप में आने को तैयार नेताओं के रास्ते हो सकते हैं बंद
अब बात आप के कर्नल को सीएम का फेस बनाने की। दून के जाने माने स्तंभकार और व रिष्ठ पत्रकार जय सिंह रावत का कहना है कि आप में अभी बड़े चेहरे और गांव स्तर तक कार्यकर्ताओं की कमी है। साथ ही कर्नल को सीएम का फेस बनाने के बाद दूसरे बड़े चेहरों और दूसरे दलों से आप में आने को तैयार नेताओं के रास्ते बंद हो गए हैं। वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अजय ढों ढियाल का दावा है कि आप का वोट का गणित कांग्रेस को नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के कार्यकाल में जो लोग कामकाज से संतुष्ट नहीं हैं वे लोग आप की तरफ झुक सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications