अल्मोड़ा हादसे में माता-पिता को खोने वाली शिवानी की जिम्मेदारी उठाएगी धामी सरकार,भावुक कर देगी ये कहानी
Almora road accident: अल्मोड़ा के मार्चुला में हुए बस हादसे में अपने माता-पिता को खाने वाली मासूम शिवानी की पूरी जिम्मेदारी धामी सरकार उठाने जा रही है। मासूम शिवानी के बारे में जिसने भी सुना अपने आंसू नहीं रोक पाए। सबको इस बात की चिंता सता रही थी कि मासूम का अब आगे क्या होगा।
लेकिन सीएम धामी ने बड़ी पहल करते हुए शिवानी की जिम्मेदारी उठाने का फैसला लिया है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर भावुक अंदाज में इस बात की जानकारी दी।

सीएम धामी ने लिखा कि घटना से हम सभी के हृदय को गहरा आघात पहुंचा है। इस कठिन समय में हमारी सरकार ने दुर्घटना में अपने माता-पिता को खोने वाली शिवानी बिटिया की देखभाल और शिक्षा की जिम्मेदारी उठाने का संकल्प लिया है, ताकि वह जीवन में आगे बढ़कर स्वयं और माता-पिता के सपनों को साकार कर सके।
मैं इस पीड़ा को समझता हूं
धामी ने आगे लिखा कि इस दु:खद घटना में जिन्होंने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। एक मुख्यसेवक और परिवार के सदस्य के रूप में, मैं इस पीड़ा को समझता हूं।
तीन साल की शिवानी, माता पिता को खोया
अल्मोड़ा बस हादसे ने 36 जिंदगियां छीन लीं। जिसके बाद से कई परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। इस हादसे में एक मासूम जो कि तीन साल की है, शिवानी उसने माता पिता को खो दिया। वह भी इस हादसे में घायल है। जिसका उपचार किया जा रहा है।
दिवाली मनाकर लौट रहा था परिवार
पौड़ी गढ़वाल के दिगोलीखाल की बिरखेत रहने वाली तीन साल की मासूम शिवानी रावत अपने पिता मनोज रावत और माता चारू देवी के साथ दिवाली का त्योहार मनाने गांव आई हुई थी। सुबह गांव से वापस लौटते समय बस में सवार हो गए। जो कि हादसे का शिकार हो गई और हादसे में माता पिता की जान चली गई।
सारा खर्चा उठाएगी सरकार
शिवानी भी इस बस में माता पिता के साथ बैठी थी। बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से शिवानी के माता पिता की मौत हो गई,जबकि मासूम गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार में अब दादी और चाचा है। सीएम धामी ने इस मासूम का खर्चा और आगे भविष्य की जिम्मेदारी उठाने का निर्णय लिया है।












Click it and Unblock the Notifications