अल्मोड़ा बस हादसा:सीएम धामी दिल्ली के सारे कार्यक्रम स्थगित कर लौटे,पीएम मोदी ने सहायता राशि की घोषणा की
Almora bus accident: अल्मोड़ा बस हादसे में 36 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। बस हादसे के बाद राज्य सरकार से लेकर केंद्र सरकार तक मदद में जुटी है। इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज दिल्ली में होने वाली महत्वपूर्ण बैठक और अन्य कार्यक्रमों को स्थगित कर पंतनगर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने ट्वीट कर हादसे को लेकर दुख जताया है।

पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि उत्तराखंड के अल्मोड़ा में हुए सड़क हादसे में जिन्होंने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी शोक-संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं सभी घायलों की शीघ्र कुशलता की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव के हरसंभव प्रयास में जुटा है।
साथ ही प्रधानमंत्री ने रिलीफ फंड से मृतकों को दो दो लाख जबकि घायलों को 50 50 हजार रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है। बता दें कि राज्य सरकार ने मृतक परिजनों को 4-4 लाख रूपये और घायलों को 1-1 लाख रूपये की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। जिससे हादसे में अब तक 36 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। प्रशासन और सरकारी तंत्र रेस्क्यू कार्य में जुटा है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी और अल्मोड़ा के संबंधित क्षेत्र के एआरटीओ प्रवर्तन को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। आयुक्त कुमाऊं मंडल को घटना की मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू कार्य जल्दी शुरू किया जा सका। हालांकि तब तक कई लोगों की सांसे थम चुकी थी। इसके बाद एसडीआरएफ ने रेस्क्यू शुरू किया। इसके बाद सीएम धामी के निर्देश पर हेली एम्बुलेंस से घायलों को एम्स लाया गया।












Click it and Unblock the Notifications