Almora Bus Accident: 42 सीटर बस 63 सवारी, 36 मौत और 27 घायल, हादसे की अब तक सामने आई ये 5 बड़ी वजहें
Almora Bus Accident: पौड़ी गढ़वाल से रामनगर जा रही बस अल्मोड़ा के मरचूला में 150 फीट गहरी खाई में गिर गई। जिसमें 36 लोगों की मौत हो गई। जबकि 27 यात्री घायल हैं। मुख्यमंत्री ने घटना के तुरंत बाद मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश दिए और दो एआरटीओ निलंबित कर दिए। बस हादसे की क्या वजहें रहीं इसको लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।
कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने हादसे की मजिस्ट्रीयल जांच शुरू कर दी है। अब तक कई तरह की बातें मीडिया और स्थानीय लोगेां के जरिए सामने आ रही है। आइए जानने की कोशिश करते हैं कि आखिर हादसे की क्या वजहें रही होंगी।

42 सीटर बस 63 यात्री सवारी
सबसे बड़ी वजह बस का ओवरलोडेड होना माना जा रहा है। 42 सीटर बस में 63 यात्री सवार थे। यानि बस में क्षमता से 21 लोग ज्यादा सवार थे। बस पूरी खचाखच भरी हुई थी। जिसमें अधिकतर महिलाएं, बुजुर्ग और युवा भी सवार थे। दिवाली मनाने के बाद कई लोगों को काम पर लौटना था। ऐसे में रुट पर बस की कमी और जल्दी अपने गंतव्य पर पहुंचने की जिद ने कई लोगों की जान ले ली।
कमानी टूटी, नियंत्रण खोया
हादसे में जो लोग बच गए, उन्होंने मीडिया को बताया कि बस स्पीड में चल रही थी, बस मोडते समय कमानी टूटने से हादसा हो गया। ड्राइवर ने बस से नियंत्रण खोया और बस 150 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 28 लोगों की मौके पर मौत हुई। जबकि 8 लोगों ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ा।
खराब रास्ते पर दिया था संकेत
लोगों का कहना है कि बस चालक ने कई लोगों को बस से उतरने को भी कहा। खराब रास्ते और ओवरलोड को देखते हुए बस चालक ने घटनास्थल से पहले लोगों को उतरने को कहा। लेकिन किसी ने नहीं माना। हादसे से आधे घंटे पहले सड़क के गड्ढों की वजह से बस डोलने लगी तो चालक ने रोककर कुछ यात्रियों को उतरने की बात कही। लेकिन किसी ने नहीं माना। जिसके बाद हादसा हो गया।
पैरापिट न होना
अल्मोड़ा में जिस मार्ग पर हादसा हुआ वहां सड़कों की हालत बहुत खराब है। सड़कों पर पैरापिट न होने और सड़क दुरस्त न होने को भी हादसे की वजह माना जा रहा है। घटनास्थल के आसपास भी पैरापिट न होने की बात सामने आई है। मौके पर अगर पैरापिट होता तो शायद हादसा ज्यादा भयावह न होता।
क्या परेशान था चालक
हादसे में घायल एक व्यक्ति ने मीडिया को बताया कि चालक मानसिक तनाव में था। बताया जा रहा है कि उसे बार बार किसी का फोन आ रहा था। जो कि कुछ पैसे की बात कर रहा था। ऐसे में ये भी माना जा रहा है कि मानिसक तनाव की वजह से चालक का पूरा ध्यान बस चलाने में नहीं रहा होगा।












Click it and Unblock the Notifications